
नई दिल्ली, 15 सितंबर . पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (पीएचएफ) के प्रमुख मोहिउद्दीन अहमद वानी ने कहा है कि अगले महीने होने वाली हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान का भारत दौरा सरकार की मंजूरी पर निर्भर है.
मेन्स एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर और मोहाली में होनी है. इसमें भारत, चीन, जापान, मलेशिया और कोरिया के साथ ही पाकिस्तान को भी हिस्सा लेना है. पाकिस्तान के नहीं आने की स्थिति में ओमान या बांग्लादेश को मौका दिया जा सकता है. दोनों टीमों को फिलहाल रिजर्व टीम के रूप में रखा गया है.
पाकिस्तान के दैनिक अंग्रेजी समाचार पत्र ‘डॉन’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, वानी ने कहा, “पाकिस्तान टीम का दौरा सरकारी मंजूरी पर निर्भर करेगा. सरकार हमसे जो भी करने को कहेगी, हम वही करेंगे.”
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को कहा कि पाकिस्तान अगले महीने टूर्नामेंट के लिए भारत आएगा. मल्टी-नेशनल टूर्नामेंट में कोई दिक्कत नहीं है. भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज नहीं हो सकती.
उन्होंने केंद्र सरकार की नीति का जिक्र करते हुए बताया कि भारत और पाकिस्तान मल्टीनेशनल इवेंट्स में हिस्सा ले सकते हैं.
5 मई को जारी एक ऑफिस मेमोरेंडम में, खेल मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तानी खिलाड़ी और टीमें भारत द्वारा आयोजित बहुराष्ट्रीय इवेंट्स में हिस्सा ले सकेंगी, साथ ही एथलीट्स, अधिकारी और इंटरनेशनल फेडरेशन के प्रतिनिधियों के लिए ज्यादा सपोर्टिव वीजा सिस्टम का भी संकेत दिया.
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का लीग स्टेज 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक जालंधर में खेला जाएगा, जबकि सेमीफाइनल 4 नवंबर को और फाइनल 5 नवंबर को खेला जाएगा. भारत-पाकिस्तान का मैच 1 नवंबर को पंजाब डे पर जालंधर में प्रस्तावित है.
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, “1 नवंबर को जालंधर में होने वाला भारत-पाकिस्तान का मैच टूर्नामेंट का सबसे बड़ा आकर्षण होगा. यह मैच पंजाब डे के साथ होगा, जिससे यह मौका पंजाब के लोगों के लिए और भी खास हो जाएगा. हॉकी के मैदान पर इंडिया और पाकिस्तान के बीच भले ही मुकाबला हो, लेकिन खेल की अपनी भाषा होती है.”
पिछले साल भारत में आयोजित जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप और सीनियर पुरुष हॉकी एशिया कप में पाकिस्तान ने हिस्सा नहीं लिया था.
–
पीएके