पलामू हत्याकांड: प्रताड़ना से तंग आकर 10 लाख की सुपारी देकर कराई पति की हत्या, सात गिरफ्तार

मेदिनीनगर, 27 सितंबर . झारखंड के पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के एकता जंगल में 23 सितंबर को एक युवक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. पुलिस ने जंगल से बरामद शव की शिनाख्त के बाद जब जांच की तो इस वारदात की मास्टरमाइंड मृतक की पत्नी निकली. उसने पति की प्रताड़ना और कथित तौर पर कई महिलाओं से करीबी संबंध रखने से तंग आकर उसकी हत्या के लिए 10 लाख रुपए की सुपारी दी थी.

पुलिस ने मृतक की पत्नी अनिमा कुमारी सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है. रविवार को पलामू के एसपी कपिल चौधरी ने एक प्रेस कॉन्फेंस में पूरे मामले का खुलासा किया. पुलिस के अनुसार, पाटन थाना क्षेत्र के बंजारी गांव निवासी बिरजू उरांव ने 19 सितंबर को अपने बेटे पंकज उरांव के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी. 23 सितंबर को एकता जंगल से एक अज्ञात शव मिलने के बाद बिरजू उरांव ने उसकी पहचान अपने बेटे के रूप में की. इसके बाद उनके बयान पर लेस्लीगंज थाने में कांड संख्या 137/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई.

पुलिस के मुताबिक, जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पंकज की पत्नी अनिमा कुमारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ में उसने बताया कि उसका पति कई लड़कियों से फोन पर बातचीत करता था. इसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था. अनिमा ने पति पर मारपीट और फोन पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया.

पुलिस के अनुसार, इसी कथित प्रताड़ना से परेशान होकर उसने पति की हत्या कराने की योजना बनाई. पुलिस का दावा है कि अनिमा ने अपने पिता को मिले एनएच मुआवजे की राशि में से 10 लाख रुपए हत्या की सुपारी के लिए दिए. इस रकम में से करीब आठ लाख रुपए तेतरी देवी नामक महिला के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए.

पुलिस के अनुसार, वारदात की साजिश में तेतरी देवी और उसके पति पिंटू कुमार के अलावा जितेंद्र उरांव, रिंकी देवी, रामजनम उरांव और दिलेश्वर सिंह साजिश में शामिल थे. जांच के अनुसार, रिंकी देवी ने कथित तौर पर दूसरे मोबाइल नंबर से खुद को ‘काजल’ बताकर पंकज से बातचीत शुरू की और उसे मिलने के लिए सतबरवा बुलाया.

पुलिस का कहना है कि इसके बाद उसे एकता जंगल ले जाया गया. वहां आरोपियों ने कथित तौर पर दुपट्टे से गला दबाकर पंकज की हत्या कर दी और शव जंगल में फेंक दिया. पुलिस ने अनिमा कुमारी, पिंटू कुमार, तेतरी देवी, जितेंद्र उरांव, रिंकी देवी, रामजनम उरांव और दिलेश्वर सिंह को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से एक कार, मृतक का मोबाइल, पांच अन्य मोबाइल फोन, 12 हजार 850 रुपए नकद, एसबीआई की पासबुक और चेकबुक बरामद की गई हैं. सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

–

एसएनसी/एमएस