पंकज चौधरी का सपा पर वार, बोले-पीडीए ‘पीड़ा, दमन और अपमान’ का मॉडल

लखनऊ, 29 मई . उत्तर प्रदेश के चंदौली में समाजवादी पार्टी की महिला नेता के साथ कथित मारपीट की घटना को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सपा पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि जो पार्टी मंचों से महिला सम्मान, सामाजिक न्याय और अधिकारों की बड़ी-बड़ी बातें करती है, उसी पार्टी में महिला पदाधिकारियों के साथ अपमानजनक व्यवहार हो रहा है.

पंकज चौधरी ने तंज कसते हुए कहा कि सपा का पीडीए अब ‘पीड़ा, दमन और अपमान’ का प्रतीक बन चुका है. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का महिला सम्मान केवल पोस्टरों और नारों तक सीमित है, जबकि हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है.

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”सपा के पीडीए का नया संस्करण है पीड़ा, दमन और अपमान. चंदौली में समाजवादी पार्टी की महिला जिलाध्यक्ष के साथ सपा नेताओं द्वारा उनके ही घर में मारपीट की गई. जिस पार्टी के मंचों से महिला सम्मान, सामाजिक न्याय और अधिकारों की लंबी-लंबी बातें होती हैं, उसी पार्टी की एक महिला पदाधिकारी के साथ ऐसा व्यवहार यह दर्शाता है कि यह महज खोखली बातें हैं.”

उन्होंने आगे कहा कि वाह री राजनीति, मंच पर महिला सम्मान की बातें और हकीकत में अपनी ही पार्टी की महिला पदाधिकारी के साथ ऐसा व्यवहार. लगता है सपा में ‘बातों के बताशे’ कुछ ज्यादा ही फोड़े जाते हैं.

पंकज ने कहा कि यही है इनके पीडीए का नया संस्करण ‘पीड़ा, दमन और अपमान.’ यह स्पष्ट है कि सपाइयों के महिला सम्मान का मॉडल सिर्फ पोस्टरों तक सीमित है. प्रदेश कि महिलाएं सपा के इस चाल, चरित्र और चेहरे से भलिभांति परिचित हैं.सत्ताइस में सपा साफ.

ज्ञात हो यह घटना मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मड़िया पड़ाव स्थित सपा नेता गार्गी सिंह पटेल के आवास पर हुई थी. घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें कई लोग महिला नेता पर हमला करते हुए दिखाई दे रहे थे. आरोप है कि करीब पांच लोग अचानक गार्गी सिंह पटेल के घर में घुस आए. इनमें दो युवक और दो महिलाएं शामिल थीं. पहले उनके साथ कहासुनी हुई, फिर हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया.

हमलावरों ने गार्गी सिंह पटेल के बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर गिरा दिया और उनकी पिटाई की. कमरे में रखी टेबल उठाकर भी उन पर हमला किया गया. इस मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. आगे की कार्रवाई जारी है.

विकेटी/एसके