‘पेपर लीक आतंकवाद से कम खतरनाक नहीं’, लोकसभा में अनुराग ठाकुर

नई दिल्ली, 28 . लोकसभा में एंटी-पेपर लीक कानून में संशोधन से जुड़े विधेयक पर चर्चा के दौरान भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी और पेपर लीक की घटनाएं आतंकवाद और माओवाद जैसी गंभीर चुनौती हैं. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए प्रतिबद्ध है. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के बयान पर भी तीखा पलटवार किया.

अनुराग ठाकुर ने कहा कि “परीक्षा में गड़बड़ी और पेपर लीक की घटनाएं आतंकवाद या माओवाद से कम खतरनाक नहीं हैं, क्योंकि इनके सबसे बड़े शिकार देश के युवा होते हैं. मैं युवाओं को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि मोदी सरकार पेपर लीक की समस्या का पक्का समाधान निकालेगी.”

उन्होंने दावा किया कि जिस तरह मोदी सरकार ने आतंकवाद और नक्सलवाद जैसी चुनौतियों पर प्रभावी नियंत्रण किया, उसी तरह पेपर लीक पर भी निर्णायक कार्रवाई की जाएगी. ठाकुर ने कहा कि सरकार इस दिशा में आतंकवाद विरोधी कानून से भी अधिक सख्त प्रावधानों वाला कानून लाने के लिए संकल्पित है.

बहस के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी द्वारा किए गए ‘गौमूत्र एक्सपर्ट’ वाले बयान का जवाब देते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि वह बाद में इसका जवाब देंगे, लेकिन उन्हें प्रियंका गांधी की टिप्पणी से दुख पहुंचा है.

उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी ने आईआईटी मद्रास के प्रोफेसर वी. कामकोटि जैसे प्रतिष्ठित वैज्ञानिक का अपमान किया है. ठाकुर ने कहा कि अगर प्रोफेसर कामकोटि का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़ाव है तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है.

भाजपा सांसद ने प्रियंका गांधी को सलाह देते हुए कहा, “आप भी आरएसएस से जुड़िए, वहां से आपको संस्कार मिलेंगे और देश के बारे में सोचने की प्रेरणा मिलेगी.”

अनुराग ठाकुर ने आगे कहा कि उन्हें पहले लगता था कि प्रियंका गांधी अपने भाई राहुल गांधी से बेहतर होंगी, लेकिन अब ऐसा नहीं लगता.

उन्होंने कहा, “आज आईआईटी मद्रास के प्रोफेसर पर जिस तरह की टिप्पणी प्रियंका गांधी ने की, उससे लगता है कि भाई-बहन दोनों एक ही रास्ते पर हैं. शायद वे ऐसी किसी चीज का सेवन कर रहे हैं जिससे दिमाग सही तरीके से काम नहीं कर रहा. शायद उन्हें गौमूत्र का सेवन करना चाहिए.”

डीएससी