पीसीबी ने फातिमा सना को श्रीलंका टी20 सीरीज की जगह ‘विमेंस हंड्रेड’ में खेलने की अनुमति दी

नई दिल्ली, 7 जुलाई . पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने महिला क्रिकेट टीम की कप्तान फातिमा सना को श्रीलंका दौरे के टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों से बाहर रहने की अनुमति दी है. पीसीबी ने फातिमा को श्रीलंका को टी20 सीरीज खेलने की जगह इंग्लैंड में होने वाले ‘विमेंस हंड्रेड टूर्नामेंट’ खेलने की अनुमति दी है.

फातिमा सना ‘विमेंस हंड्रेड’ में बर्मिंघम फीनिक्स का हिस्सा हैं. वह श्रीलंका के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में खेलेंगी. वनडे सीरीज आईसीसी विमेंस चैंपियनशिप का हिस्सा है.

21 जुलाई से शुरू होने वाले हंड्रेड के शुरुआती दो मुकाबलों में सना उपलब्ध नहीं रहेंगी. श्रीलंका के खिलाफ 28 जुलाई को वनडे सीरीज समाप्त होने के बाद वह हंबनटोटा से सीधे इंग्लैंड रवाना होंगी और टूर्नामेंट के बाकी मैचों में बर्मिंघम फीनिक्स के लिए खेलेंगी.

24 वर्षीय फातिमा सना हाल ही में हंड्रेड में चुनी जाने वाली पाकिस्तान की पहली महिला क्रिकेटर बनी थीं. बर्मिंघम फीनिक्स ने उन्हें वाइल्डकार्ड ड्राफ्ट के जरिए ऑस्ट्रेलिया की लूसी हैमिल्टन के स्थान पर न्यूनतम 15,000 पाउंड के अनुबंध पर अपनी टीम में शामिल किया था.

ड्राफ्ट से ठीक पहले सना ने टी20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 38 गेंदों में नाबाद 55 रन बनाए और 16 रन देकर तीन विकेट भी लिए. पाकिस्तान का अभियान भले ही निराशाजनक रहा और टीम अपने छह सदस्यीय समूह में पांचवें स्थान पर रही, लेकिन सना ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार गेंदबाजी करते हुए 6.95 की इकॉनमी से 11 विकेट झटके. वह टूर्नामेंट की संयुक्त रूप से दूसरी सबसे सफल गेंदबाज रहीं.

यह फातिमा सना का तीसरा विदेशी घरेलू टी20 टूर्नामेंट होगा. इससे पहले वह 2022 में विमेंस सीपीएल में बारबाडोस रॉयल्स और 2023 में न्यूजीलैंड के विमेंस सुपर स्मैश में कैंटरबरी की ओर से खेल चुकी हैं. पीसीबी का मानना है कि हंड्रेड जैसे प्रतिस्पर्धी टूर्नामेंट में खेलने से सना को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक अनुभव मिलेगा, जिसका फायदा भविष्य में पाकिस्तान टीम को भी मिलेगा.

पीएके