बंगाल में अब खुलकर सांस ले रहे लोग, अखिलेश को सबक सिखाएगी जनता: नितिन नवीन

नई दिल्ली, 7 नवंबर . भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को के साथ देश और राजनीति से जुड़े कई विषयों पर बातचीत की. इस दौरान उन्होंने भाजपा की सरकार बनने के बाद पश्चिम बंगाल के हालात, तमिलनाडु में टीवीके और कांग्रेस के बीच की खींचतान और यूपी में अखिलेश यादव की विचारधारा पर अपनी राय रखी.

पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के पहले और बाद के हालातों पर नितिन नवीन ने कहा कि जब 2021 में मैं वहां गया था तो मैंने तब का पश्चिम बंगाल देखा, 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले का भी पश्चिम बंगाल देखा और चुनाव परिणाम आने के बाद भी मैं पश्चिम बंगाल गया. 4 मई के बाद से मेरे पश्चिम बंगाल के जो दो दौरे रहे, उसमें मैंने देखा कि लोगों में उत्साह, आजादी का भाव है. उनको देखकर लगता है कि लोग एक कैद में थे, कहीं न कहीं उनकी सोच को कैद कर दिया गया, उनके जीवन को एक तरह से कैद कर दिया गया था. वो खुद के निर्णय नहीं ले पा रहे थे, अपनी बात नहीं कह पा रहे थे लेकिन अब उनके चेहरों को देखकर लगता है कि वो अब खुलकर सांस ले पा रहे हैं. पश्चिम बंगाल में इस बार जैसे दुर्गा पूजा में घर-घर उत्सव मना, उसको देखकर कहा जा सकता है लोगों के खुशी और उत्साह का माहौल है. भाजपा सरकार बंगाल की पुरानी सांस्कृतिक विरासत और संस्कृति को वापस लौटाने का प्रयास कर रही है.

तमिलनाडु में टीवीके-कांग्रेस के बीच खींचतान पर उन्होंने कहा कि दोनों में (कांग्रेस और टीवीके) में क्या खिचड़ी पक रही है, वो तो वही जानें, लेकिन कांग्रेस की संस्कृति और इतिहास क्या रहा है सब जानते हैं. कांग्रेस ने हमेशा गठबंधन वाले दल को खत्म करने का काम ही किया है. कांग्रेस गठबंधन में विश्वास ही नहीं करती. अब जिस डीएमके के साथ कांग्रेस गठबंधन बनाकर चुनाव लड़ी, उसी डीएमके को कांग्रेस ने सत्ता के लिए बीच में ही छोड़ दिया. कांग्रेस केवल सत्ता की भूखी है. सत्ता के लिए कांग्रेस कुछ भी कर सकती है. अब कांग्रेस टीवीके को कंट्रोल करने की कोशिश कर रही है. दोनों की इस खींचतान में क्या परिणाम निकलकर आता है, वो देखने वाली बात होगी.

देश के सबसे बड़े राजनीतिक दल के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर युवाओं को दिए अपने संदेश में नितिन नवीन ने कहा कि भारत का युवा एक बहुत बड़ी ताकत है. अगर दुनिया के अंदर हम सबसे बड़ी युवा आबादी वाले देश हैं, तो हमारे लिए गर्व की बात है कि हमें एक ऐसा नेता मिला है जो हमें 2047 के विकसित भारत के सपने की तरफ लेकर चल रहा है. देश में पहली बार विकसित भारत की कल्पना की गई है. अब तक लोग पंचवर्षीय योजना के तहत काम करते थे, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 25 साल का रोडमैप तैयार किया गया है. मैं देश के युवाओं से यही कहूंगा कि आप जिस भी भूमिका में हैं, समाज के जिस क्षेत्र में अपना सौ प्रतिशत दीजिए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपके साथ खड़े हैं. आज हम नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले देश बन रहे हैं. देश का युवा हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है. हमें पूरा यकीन है कि देश के युवा को साथ लेकर हम आगे बढ़ेंगे तो 2047 के विकसित भारत का सपना जरूर साकार होगा.

उत्तर प्रदेश में चुनाव से पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव के पीडीए को छोड़कर हिंदुत्व की तरफ बढ़ने पर उन्होंने कहा कि ये दोहरे चरित्र वाले लोग हैं. ये पहले टोपी पहनकर राजनीति करते थे. पिछले लंबे समय से टोपी से परहेज कर रहे हैं. अब अलग-अलग भूमिकाओं की बात करते हैं. यूपी की जनता भूली नहीं कि प्रभु श्रीराम के मंदिर के निर्माण में इन्होंने कितने कारनामे किए हैं. ये तो वो लोग हैं जो राम के होने पर सवाल उठाते थे. कृष्ण को तो ये कभी समझ ही नहीं पाएंगे. विष्णु भगवान के कितने अवतार हैं, ये जान नहीं पाएंगे, क्योंकि ये केवल वोटबैंक की राजनीति करते हैं. भारत के सांस्कृतिक इतिहास की इनको कोई जानकारी नहीं है. इन दोहरे चरित्र वाले लोगों को जनता देख रही है, जनता इनको समय-समय पर सबक सिखाती रही है. लोगों को समझ है कि ये बेहरूपिए उनका कोई भला नहीं कर पाएंगे. चुनाव में यूपी की जनता इनको धूल चटाएगी.

–

एमएस/वीसी