पलामू में विधायक आवास के पास युवक की गोली मारकर हत्या, विरोध में सड़क पर उतरे लोग

मेदिनीनगर, 3 सितंबर . झारखंड के पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान ओमप्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह के रूप में हुई है. वारदात पुरंदर बीघा गांव के पास जपला-दंगवार मुख्य सड़क पर विधायक संजय कुमार सिंह यादव के आवास के पास हुई. जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश सिंह अपनी स्कॉर्पियो रोककर किसी व्यक्ति से बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान बदमाशों ने उनकी कनपटी में गोली मार दी.

उन्होंने भागने की कोशिश की लेकिन हमलावरों ने उन पर कई गोलियां बरसाईं. मौके पर ही उनकी मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, ओमप्रकाश सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. हुसैनाबाद थाने में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और शराब तस्करी सहित करीब आठ मामले दर्ज थे. वह कुछ महीने पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था. पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और आपसी दुश्मनी समेत अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है.

घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाके की नाकेबंदी कर जांच शुरू की. वारदात के समय मौके पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल देखे जाने की जानकारी मिली है. फायरिंग के तुरंत बाद मोटरसाइकिल सवार वहां से तेजी से निकल गया. पुलिस को आशंका है कि वारदात में एक से अधिक अपराधी शामिल हो सकते हैं. पलामू के एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं.

उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच और स्थानीय इनपुट के आधार पर पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं. इनके आधार पर तकनीकी और जमीनी स्तर पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. पुलिस जपला-दंगवार मुख्य सड़क और विधायक आवास के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. अपराधियों के भागने के संभावित रास्तों की भी जांच की जा रही है. घटनास्थल के आसपास के मोबाइल टावरों से जुड़े डेटा की भी पड़ताल की जा रही है.

इसके अलावा मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और वारदात से पहले वह किससे बात कर रहा था, इसकी भी जांच की जा रही है. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध जताया. पुलिस के समझाने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद गुरुवार सुबह करीब 7.30 बजे जाम हटाया गया. इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया.

एसएनसी/पीएम