
चंडीगढ़, 10 सितंबर . पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर), चंडीगढ़ ने नर्सिंग ऑफिसर (ग्रुप ‘बी’) के कुल 243 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है.
पीजीआईएमईआर की ओर से नर्सिंग ऑफिसर पोस्ट के लिए जारी 243 रिक्तियों में जनरल के 99, एससी के 36, एसटी के 18, ओबीसी के 66 और ईडब्ल्यूएस के 24 पद शामिल हैं. इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 10 सितंबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 3 अक्टूबर तक तय की गई है. ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार पीजीआईएमईआर की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं.
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी या इंस्टीट्यूट से नर्सिंग में बीएससी (ऑनर्स) या बीएससी नर्सिंग में नियमित पाठ्यक्रम या पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग या किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या काउंसिल से जनरल नर्सिंग और मिडवाइफरी में डिप्लोमा, स्टेट नर्सिंग काउंसिल में नर्स या नर्स और मिडवाइफ के तौर पर रजिस्टर्ड होना और कम से कम 50 बेड वाले अस्पताल में एक वर्ष का अनुभव होना चाहिए.
आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी. वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी.
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच-पड़ताल, शॉर्टलिस्टिंग, ऑनलाइन कंप्यूटर-आधारित परीक्षा (सीबीटी), इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 44,900 से 1,42,400 रुपए के बीच प्रति माह होगी. इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे.
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 1,500 रुपए और एससी/एसटी के लिए 800 रुपए तय किया गया है. वहीं, बेंचमार्क दिव्यांगता वाले व्यक्ति (पीडब्ल्यूबीडी) श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है.
–
डीके/वीसी