पितृ पक्ष 2026: नेताओं ने किया पूर्वजों को नमन; पितरों के निमित्त तर्पण, पिंडदान और दान-पुण्य की शुरुआत

नई दिल्ली, 26 सितंबर . पितृ पक्ष की शुरुआत शनिवार से हो गया है. इस दौरान लोग अपने पूर्वजों को लेकर श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हैं. इस दौरान पितरों के निमित्त तर्पण, पिंडदान और दान-पुण्य करते हैं. इस अवसर पर नेताओं की ओर से समस्त पितरों को नमन किया गया.

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “पितृ देवो भव! अपने संस्कारों और त्याग से हमारा मार्गदर्शन करने वाले पूज्य पितृगणों को समर्पित पितृ पक्ष पर सभी पितृ देवों के चरणों में भावपूर्ण नमन. पितरों के आशीर्वाद से हमारा समाज और राष्ट्र निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे.”

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता, श्रद्धा और स्मरण के पावन पर्व ‘पितृ पक्ष’ पर समस्त पितरों को सादर नमन! पितृ पक्ष हमें अपने पूर्वजों के त्याग, संस्कार और जीवन मूल्यों को स्मरण कर उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है. प्रभु श्रीराम जी से प्रार्थना है कि सभी को अपने पितरों का आशीर्वाद प्राप्त हो.”

छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्री केदार कश्यप ने सोशल मीडिया पर लिखा, “पितृ पक्ष के प्रारंभ पर समस्त पितृ देवों को श्रद्धापूर्वक नमन. हमारे पूर्वजों के उच्च संस्कार, नैतिक मूल्य और आशीर्वाद ही हमारे जीवन के वास्तविक मार्गदर्शक हैं. पितृ देवों के चरणों में विनम्र प्रणाम करते हुए यही प्रार्थना है कि उनका स्नेह, मार्गदर्शन एवं असीम कृपा-दृष्टि हम सभी पर सदैव बनी रहे.”

बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोशल मीडिया पर लिखा, “पितृ पक्ष के पावन अवसर पर सभी पूज्य पितरों एवं पूर्वजों को भावपूर्ण नमन एवं श्रद्धांजलि. उनकी स्मृतियां हमारे हृदय में सदैव जीवित रहें और उनका आशीर्वाद हमारी पीढ़ियों पर बना रहे. हम जो हैं, उसमें हमारे पितरों की तपस्या, त्याग और संस्कारों की छाप है. पितृ पक्ष केवल स्मरण का समय नहीं, बल्कि उन दिव्य आत्माओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिनकी दी हुई विरासत से हमारा जीवन और अस्तित्व जुड़ा है.”

भाजपा नेता अर्चना चिटनिस ने ‘एक्स’ पोस्ट पर कहा, “देवताभ्यः पितृभ्यश्च महायोगिभ्य एव च, नमः स्वाहायै स्वधायै नित्यमेव नमोनमः. आज से प्रारंभ हो रहे पितृपक्ष में सभी पूर्वजों को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए उनके चरणों में कृतज्ञ नमन.”

–

एसडी/एएस