
पटना, 1 अगस्त . प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार देर रात इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर तर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान उनको और उनकी माता को लेकर की गई अभद्र टिप्पणियों पर बात की और बच्चों को माफ करने की बात कही. पीएम के इस कदम की सराहना करते हुए बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि पीएम ने अपने ‘बड़े हृदय’ का परिचय देते हुए भटके हुए छात्रों को माफ कर दिया है.
सरावगी ने कहा, “पूरे देश ने देखा कि छात्र एवं छात्राओं ने पीएम मोदी के लिए किस तरह अश्लील शब्दों का प्रयोग किया. प्रधानमंत्री की दिवंगत माता के बारे में भी जिस तरह का अश्लील शब्द इस्तेमाल किया गया, उसे सार्वजनिक रूप से सुना भी नहीं जा सकता. ऐसे हालात में भी प्रधानमंत्री ने बड़ा हृदय दिखाया. उन्होंने कहा कि ऐसे भटके हुए छात्रों को सजा नहीं बल्कि मार्गदर्शन दिया जाना चाहिए. उन्होंने सभी छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की और उन्हें माफ भी कर दिया.”
कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई कमी पर भाजपा नेता ने कहा, “जैसे-जैसे क्रूड ऑयल का दाम कम हो रहा है, उसी अनुपात में भारत सरकार पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतें भी कम कर रही है. खाड़ी युद्ध के समय कमर्शियल सिलेंडर का दाम बहुत ज्यादा बढ़ गया था, लेकिन अब धीरे-धीरे कम हो रहा है. केंद्र सरकार ने कमर्शियल सिलेंडर का दाम घटाकर आम लोगों और व्यापारियों को राहत दी है. यह स्वागत योग्य कदम है.”
विपक्ष पर हमला करते हुए सरावगी ने कहा, “पूरे देश में कांग्रेस का लगभग सूपड़ा साफ हो रहा है. बंगाल में कांग्रेस साफ हो गई, असम में भी वही स्थिति है और पुडुचेरी में फिर से एनडीए की सरकार बनी है. राहुल गांधी आम जनता के मन से उतर चुके हैं. इसी वजह से कांग्रेस में पूरे देश में भगदड़ मची हुई है.”
उन्होंने कहा, “पंजाब में भी आम जनता एनडीए के प्रति रुझान दिखा रही है. कांग्रेस में गुटबाजी है और आम आदमी पार्टी में भी आने वाले समय में भगदड़ की स्थिति होगी, क्योंकि वहां की सरकार आम जनता के हित में काम नहीं कर रही.”
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकी हमले में 2 मजदूरों की मौत पर सरावगी ने गहरा दुख जताया. उन्होंने कहा, “इसकी जितनी निंदा की जाए, कम है. हमारी सरकार लगातार आतंकवादियों का सफाया कर रही है और आतंकवादी गतिविधियों में कमी भी आई है. वहीं, कुलगाम में जो दो मजदूर मारे गए हैं, सरकार उनके मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी. ऐसी आतंकवादी गतिविधियों को किसी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सरकार इस पर सख्त कार्रवाई करने वाली है.”
सिवान में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस द्वारा एके-47 फायरिंग और लाठीचार्ज के मामले में कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए सरावगी ने कहा, “जिसने एके-47 चलाई थी, उस पर कार्रवाई हो गई है. किसी बड़े अधिकारी ने इसका निर्देश नहीं दिया था. अब इसमें राजनीति घुसेड़ना ठीक नहीं है.”
–
पीआईएम/पीएम