दीपिका दहेज हत्याकांड में पुलिस ने मृतका की सास को किया गिरफ्तार, अब तक चार दबोचे

ग्रेटर नोएडा, 20 मई . उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित थाना ईकोटेक तृतीय क्षेत्र में चर्चित दीपिका दहेज हत्याकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चौथी गिरफ्तारी कर ली है. इस मामले में अब मृतका की सास पूनम को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. इससे पहले पुलिस मृतका के पति ऋतिक, ससुर मनोज और चचिया ससुर विनोद को गिरफ्तार कर चुकी है.

लगातार दबिश और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल हो रही है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ईकोटेक तृतीय थाने की पुलिस ने बुधवार को वांछित आरोपी पूनम, पत्नी मनोज, निवासी जलपुरा, थाना ईकोटेक तृतीय, गौतमबुद्धनगर को गिरफ्तार किया. पूनम मृतका दीपिका की सास है. गिरफ्तारी लोकल इंटेलिजेंस और सर्विलांस टीम की सहायता से थाना क्षेत्र से की गई.

बताया जा रहा है कि 17 मई को थाना ईकोटेक तृतीय क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया था. मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी.

जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले 18 मई को मृतका के ससुर मनोज और पति ऋतिक को गिरफ्तार किया था. इसके बाद 20 मई को चचिया ससुर विनोद को भी गिरफ्तार कर लिया गया. अब सास पूनम की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. पुलिस का दावा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं, इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और मृतका के परिवार ने आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की है.

पीकेटी/डीकेपी