
नई दिल्ली, 1 मई . देश में शुरू हुई जनगणना प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. कांग्रेस नेता अमीन पटेल ने ‘सेल्फ-एन्यूमरेशन’ प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि इस बार जनगणना में नागरिक खुद अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकते हैं, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनेगी.
अमीन पटेल ने से बात करते हुए बताया, “यह जनगणना मुख्य रूप से घरों की गणना पर आधारित है, जिसमें लोगों को सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज करनी होगी. इसके लिए दो वेबसाइट उपलब्ध कराई गई हैं, जहां नागरिक ‘सेल्फ-एन्यूमरेशन’ विकल्प चुनकर अपने राज्य और जिले का चयन करेंगे और फिर पूछे गए सवालों के जवाब देंगे. इस प्रक्रिया से डेटा संग्रहण अधिक व्यवस्थित और तेज होगा.”
इस दौरान उन्होंने जातिगत जनगणना की मांग को भी दोहराया और कहा, “राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी और ‘इंडिया’ गठबंधन लंबे समय से यह मांग करते आ रहे हैं कि देश में जातिगत आधार पर जनगणना कराई जाए. प्रतिनिधित्व आबादी के अनुपात में होना चाहिए और इसके लिए जातिगत आंकड़ों का होना जरूरी है. सरकार ने विपक्ष के दबाव में जनगणना प्रक्रिया शुरू की है, लेकिन इसे पूर्ण बनाने के लिए इसमें जातियों की गणना को शामिल करना आवश्यक है.”
पटेल ने जोर देकर कहा, “जब तक समाज के विभिन्न वर्गों की वास्तविक संख्या सामने नहीं आएगी, तब तक समान और न्यायपूर्ण प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना मुश्किल होगा. यह केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय का विषय है.”
वहीं, Supreme Court द्वारा कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को अग्रिम जमानत दिए जाने पर कांग्रेस नेता शमा मोहम्मद ने खुशी जताई. उन्होंने कहा, “पार्टी के सभी लोग इस फैसले से संतुष्ट हैं और न्यायपालिका पर उनका भरोसा और मजबूत हुआ है.”
दूसरी ओर, पंजाब की राजनीति को लेकर भी कांग्रेस नेताओं के बयान सामने आए हैं. शमा मोहम्मद ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए उनके व्यवहार पर सवाल उठाए.
–
एससीएच