पटना के बांकीपुर सीट से उपचुनाव लड़ेंगे प्रशांत किशोर, जन सुराज ने बनाया उम्मीदवार

‎पटना, 5 जुलाई . बिहार की राजनीति में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. जन सुराज पार्टी ने पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर सीट से पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने रविवार को पटना में आयोजित एक प्रेस वार्ता में इसकी आधिकारिक घोषणा की. इस दौरान प्रशांत किशोर भी उनके साथ मौजूद रहे. ‎ ‎

उम्मीदवारी की घोषणा के साथ ही लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लग गया. जन सुराज की ओर से यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब बांकीपुर उपचुनाव को लेकर सभी प्रमुख दल अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रशांत किशोर के चुनाव मैदान में उतरने से इस सीट का मुकाबला और दिलचस्प हो गया है. ‎ ‎

उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद प्रशांत किशोर ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा, “मैं पार्टी को धन्यवाद देता हूं और इस जिम्मेदारी को स्वीकार करता हूं. हम मजबूती के साथ बांकीपुर से चुनाव लड़ेंगे. जनता का आशीर्वाद मिला तो जीतेंगे और उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे. यदि जनता ने मौका दिया तो विधानसभा में उनकी आवाज मजबूती से उठाऊंगा.” ‎ ‎

उन्होंने आगे कहा , “मैं उन्हें आश्वस्त करता हूं कि पिछले चार वर्षों से जन सुराज ही मेरा जीवन रहा है और अगले दस वर्षों तक, जब तक बिहार में परिवर्तन का सपना साकार नहीं हो जाता, मेरा कोई और उद्देश्य नहीं है. मैं बांकीपुर उपचुनाव लड़ने की जिम्मेदारी को उस लक्ष्य की ओर एक कदम मानता हूं.” ‎

‎उन्होंने कहा कि नवंबर 2025 में हजारों-लाखों लोग जन सुराज के विचारों और प्रयासों से जुड़े थे. नतीजों के बाद कई लोग निराश या हतोत्साहित हुए. उनमें से अधिकांश का मानना ​​है कि अगर जनसुराज बांकीपुर उपचुनाव जीतता है, तो इससे न केवल आंदोलन मजबूत होगा बल्कि बिहार में परिवर्तन के सपने को पुनर्जीवित करने में भी मदद मिलेगी. ‎

‎गौरतलब है कि प्रशांत किशोर पिछले कई सप्ताह से बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं. वह जनसभाएं, नुक्कड़ बैठकें और स्थानीय लोगों के साथ संवाद कार्यक्रम कर रहे हैं. ऐसे में उनकी उम्मीदवारी को पहले से तय रणनीति का हिस्सा माना जा रहा था. बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद रिक्त हुई है. लगातार इस सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले नितिन नवीन के उच्च सदन में जाने के बाद निर्वाचन आयोग ने यहां उपचुनाव की घोषणा की है. ‎

‎निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा. इस सीट पर जन सुराज की ओर से प्रशांत किशोर के मैदान में उतरने के बाद चुनावी मुकाबला और रोचक होने की संभावना जताई जा रही है. अब सभी की नजरें भाजपा और अन्य विपक्षी दलों के उम्मीदवारों पर टिकी हैं, जिनकी घोषणा के बाद चुनावी तस्वीर और स्पष्ट होगी. ‎ ‎

– ‎

‎एमएनपी/पीएम