मोहर्रम की तैयारी कैसी? प्रयागराज जिलाधिकारी ने दी पूरी जानकारी

प्रयागराज (उत्तर प्रदेश), 17 जून . उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने मोहर्रम की तैयारी के बारे में पूरी जानकारी दी.

उन्होंने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मोहर्रम को लेकर लंबे समय से तैयारियां चल रही हैं. हमने तैयारियों को जमीन पर उतारने के लिए पूरी रूपरेखा काफी पहले ही निर्धारित कर ली थी, जिसके आधार पर हम अभी काम कर रहे हैं. हम यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं कि तैयारियों के दौरान किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाए.

उनके मुताबिक, मोहर्रम का त्योहार शुरू हो चुका है. हम सभी सुरक्षा प्वाइंट पर खुद जाकर पूरी वस्तुस्थिति को समझने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति पैदा न हो. मोहर्रम के दौरान सभी संवेदनशील स्थानों पर बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों को तैनात किया जाएगा और साथ ही यह सुनिश्चित करने की कोशिश की जाएगी कि कहीं पर कोई कमी न रह जाए.

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा का कहना है कि हम साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रख रहे हैं. सभी जगह जोनल स्तर के अधिकारियों को नियुक्त कर दिया गया है. हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कहीं पर कोई गंदगी न रह जाए. हम इन तैयारियों के दौरान सभी संबंधित विभागों से भी संपर्क स्थापित करेंगे और यह कोशिश करेंगे कि सबकुछ समन्वित ढंग से हो. कहीं पर किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो. अगर कहीं पर कोई दिक्कत रहेगी तो उसे तत्काल दूर करने की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे.

उनके मुताबिक, कहीं पर भी निर्धारित लंबाई से ज्यादा ताजिया न रहे, क्योंकि आमतौर पर देखा गया है कि ज्यादा ऊंची ताजिया होने की वजह से अन्य जनपदों में हाईटेंशन तारों से टकरा जाते हैं. इससे स्थिति ज्यादा पेचीदा हो जाती है. ऐसी स्थिति में हमने सभी को यह निर्देश दिया है कि वो निर्धारित लंबाई से ज्यादा ताजिया न रखे.

एसएचके/डीकेपी