
मुंबई, 15 जुलाई . ‘मोहब्बतें’ जैसी यादगार फिल्म से पहचान बनाने वाली बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति झंगियानी आज भी अपने फैंस के बीच काफी चर्चाओं में रहती हैं. हाल ही में उन्होंने पति और अभिनेता परवीन डबास के साथ अपनी पेरिस ट्रिप को याद किया और बताया कि यह सफर उनके लिए कितना खास रहा. उनके इस ट्रिप में काम से जुड़े मौके, नई मुलाकातें और कई खूबसूरत यादें भी शामिल थीं.
प्रीति झंगियानी ने के साथ बातचीत में अपनी इस खास ट्रिप के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि पेरिस का यह सफर उनके लिए इसलिए यादगार रहा क्योंकि इसमें उन्हें निजी खुशी के साथ-साथ काम को लेकर भी कई अच्छे अनुभव मिले. उन्होंने कहा कि यह उन खास ट्रिप में से एक थी, जिसमें काम और खुशियों का अच्छा तालमेल देखने को मिला.
अभिनेत्री ने कहा, ”इस ट्रिप के दौरान मैंने कई जरूरी मिटिंग्स में हिस्सा लिया और अलग-अलग देशों के लोगों से मिलने का मौका मिला. कान्स लायंस से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होना, दुनियाभर के लोगों से बातचीत करना और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रतिनिधित्व करना एक अच्छा अनुभव रहा. भारत और फ्रांस के बीच खेलों को लेकर आगे किस तरह बेहतर काम किया जा सकता है, इस पर बातचीत करना भी मेरे लिए काफी खास रहा.”
उन्होंने कहा, ”पेरिस में बिताई गई शामें मेरे दिल के बेहद करीब हैं. हम लगभग हर शाम एफिल टॉवर जाते थे. वहां घास पर बैठना, कभी खाना, शानदार स्ट्रीट परफॉर्मेंस देखना, माहौल को महसूस करना, सनसेट का आनंद लेना और फिर एफिल टॉवर को खूबसूरत रोशनी से जगमगाते देखना, ये पल हमारी ट्रिप के सबसे जादुई अनुभव बन गए.”
प्रीति ने कहा, ”हम इस सफर से खूबसूरत यादें, कई सार्थक बातचीत और भविष्य के लिए नए अवसर लेकर लौटे. यह उन ट्रिप में से एक थी, जो निजी और पेशेवर दोनों ही रूप से बेहद संतोषजनक रही. इन पलों को हम लंबे समय तक संजोकर रखेंगे.”
बता दें कि प्रीति झंगियानी ने हिंदी और तेलुगु फिल्मों में काम किया है. उन्होंने ‘मोहब्बतें’ के अलावा ‘थम्मुडु’, ‘नरसिम्हा नायडू’, ‘आवारा पागल दीवाना’, ‘एलओसी: कारगिल’ और ‘आन: मेन एट वर्क’ जैसी फिल्मों में अपनी अदाकारी दिखाई है.
–
पीके/पीएम