मुस्तफा कमाल के निधन पर पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष ने शोक व्यक्त किया, लिखा- ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे

श्रीनगर, 15 जुलाई . फारुख अब्दुल्ला के भाई मुस्तफा कमाल का बीमारी की वजह से मंगलवार को निधन हो गया. उनके निधन पर जम्मू-कश्मीर पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद लोन ने संवेदना व्यक्त की है.

सज्जाद लोन ने संवेदना व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, “डॉ. मुस्तफा कमाल साहब के निधन पर अब्दुल्ला परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे. अल्लाह उन्हें जन्नत नसीब करे.

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शोक व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “मेरे पिता के छोटे भाई डॉ. मुस्तफा कमाल का श्रीनगर के पारस अस्पताल में निधन हो गया. अंकल मुस्तफा कुछ महीनों से बीमार थे, लेकिन 4 दिन पहले उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई. उन्होंने मुश्किल हालात के बावजूद बहादुरी से संघर्ष किया. उनका इलाज करने वाले डॉक्टर और स्टाफ बहुत अच्छे थे, लेकिन अल्लाह ने उन्हें अपनी अंतिम यात्रा के लिए बुला लिया. अल्लाह अंकल मुस्तफा को जन्नत में सबसे ऊंचा स्थान दे.

नेशनल कॉन्फ्रेंस ने शोक व्यक्त करते हुए ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस, पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री और ‘शेर-ए-कश्मीर’ शेख मोहम्मद अब्दुल्ला के प्रिय पुत्र डॉ. मुस्तफा कमाल साहब के निधन पर गहरा दुख और शोक व्यक्त करती है. डॉ. कमाल साहब ने अपना जीवन जनसेवा और नेशनल कॉन्फ्रेंस के आदर्शों व विरासत को मजबूत करने में लगा दिया. जम्मू-कश्मीर के लोगों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता, सिद्धांतों पर आधारित नेतृत्व और निष्ठावान समर्पण के कारण उन्हें राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में बहुत सम्मान मिला.”

नेशनल कॉन्फ्रेंस की ओर से आगे लिखा गया, “उनका निधन न केवल नेशनल कॉन्फ्रेंस परिवार के लिए, बल्कि जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए भी एक अपूरणीय क्षति है; लोग हमेशा उनके योगदान को कृतज्ञता और सम्मान के साथ याद रखेंगे. इस गहरे दुख की घड़ी में, पूरी नेशनल कॉन्फ्रेंस डॉ. फारूक अब्दुल्ला साहब, माननीय मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला साहब, शोक-संतप्त परिवार और इस गहरे नुकसान पर शोक मनाने वाले सभी लोगों के साथ एकजुटता से खड़ी है.

नेशनल कॉन्फ्रेंस ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “ईश्वर डॉ. मुस्तफा कमाल साहब को जन्नत-उल-फिरदौस में सर्वोच्च स्थान प्रदान करे और उनके परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति, धैर्य और हिम्मत दे.”

एसडी/पीएम