
नई दिल्ली, 8 नवंबर . देशभर में रविवार को दीपावली का त्योहार उत्सव और उमंग के साथ मनाया जा रहा है. इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार की सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “देशभर के अपने परिवारजनों को दीपावली की असीम शुभकामनाएं.”
इससे पहले, दीपावली की पूर्व संध्या पर एक वीडियो संदेश के जरिए प्रधानमंत्री मोदी ने सभी नागरिकों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं. दिवाली की शुभकामनाओं वाला वीडियो शेयर साझा करते हुए, प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर लिखा, “आपको दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं.”
प्रधानमंत्री ने कहा कि रोशनी का यह पर्व पूरे देश को जगमगा देता है और अंधकार पर विजय पाने के संकल्प को दर्शाता है. उन्होंने कामना की कि यह पर्व और आने वाला समय सभी के जीवन में खुशियां, शांति व समृद्धि लेकर आए.
उन्होंने कहा, “दीपावली के पावन पर्व के अवसर पर पूरा देश रौशनी से जगमगा रहा है. प्रकाश का यह पर्व अंधकार के खिलाफ हमारे संकल्प का परिचय है. आप सबको दीपावली की मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएं. आपका यह पर्व और आपका आगे का समय सब कुछ सुख, शांति और समृद्धि से भरा हुआ रहे.”
पीएम मोदी ने बताया कि वे दिवाली बहुत उत्साह के साथ मनाते हैं और पिछले वर्षों की तरह, वे देश के बहादुर सैनिकों के साथ यह पर्व मनाने की परंपरा को जारी रखेंगे.
अपने संदेश में उन्होंने कहा, “मैं भी आपकी तरह बड़े उत्साह से दीपावली मनाता हूं. आप जानते हैं कि हर वर्ष देश के वीर जवानों के बीच में जाना मेरा नित्य क्रम है. इस बार भी यह जारी रहेगा.”
हालांकि, प्रधानमंत्री ने यह जानकारी साझा नहीं कि वे इस बार कहां भारतीय सैनिकों के साथ दीपावली का त्योहार मनाएंगे. बता दें कि उन्होंने पिछली साल दीपावली गोवा के तट पर स्वदेशी एयरक्राफ्ट कैरियर आईएनएस विक्रांत पर नौसेना के जवानों के साथ मनाई थी.
–
डीसीएच/