एआईएपीजीईटी की प्रोविजनल उत्तर कुंजी जारी, 5 सितंबर तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति

नई दिल्ली, 04 सितंबर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने अखिल भारतीय आयुष पीजी प्रवेश परीक्षा (एआईएपीजीईटी) 2026 की प्रोविजनल उत्तर कुंजी जारी कर दी है. शुक्रवार को यह जानकारी साझा करते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने कहा कि परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अब अपनी उत्तर कुंजी देख सकते हैं. यदि छात्रों को किसी प्रश्न या उसके उत्तर को लेकर कोई आपत्ति हो तो ऐसी स्थिति में वे निर्धारित अवधि के भीतर प्रश्न या उत्तर को लेकर चुनौती दर्ज करा सकते हैं.

एनटीए के अनुसार, उत्तर कुंजी को लेकर आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया से शुरू हो चुकी है. यह प्रक्रिया 5 सितंबर की रात 11 बजकर 59 मिनट तक जारी रहेगी. उम्मीदवारों को निर्धारित समय सीमा के भीतर ही अपनी आपत्ति ऑनलाइन दर्ज करनी होगी. किसी प्रश्न के उत्तर से संतुष्ट नहीं होने वाले उम्मीदवार को चुनौती दर्ज कराने के लिए प्रति प्रश्न 200 रुपए शुल्क का भुगतान करना होगा. चुनौती शुल्क का भुगतान भी 5 सितंबर की रात 11 बजकर 59 मिनट तक ही किया जा सकेगा.

एनटीए ने स्पष्ट किया है कि उत्तर कुंजी को चुनौती देने की सुविधा केवल ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध होगी. उम्मीदवार एआईएपीजीईटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी उत्तर कुंजी देख सकते हैं. साथ छात्र यहां निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं. उम्मीदवारों की ओर से प्राप्त चुनौतियों की गहन जांच व समीक्षा की जाएगी. संबंधित विषय विशेषज्ञों यह समीक्षा करेंगे. विशेषज्ञों की समीक्षा के आधार पर अंतिम उत्तर कुंजी तैयार की जाएगी.

इसके बाद परीक्षा के परिणाम और प्रवेश प्रक्रिया की कार्यवाही इसी अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर आगे बढ़ाई जाएगी. एनटीए द्वारा उम्मीदवारों को यह सलाह दी गई है कि वे उत्तर कुंजी में दिए गए अपने उत्तरों की सावधानीपूर्वक जांच करें. यदि किसी प्रश्न के उत्तर को लेकर ठोस आधार पर आपत्ति है, तो निर्धारित समय सीमा समाप्त होने से पहले चुनौती दर्ज कर दें. साथ ही छात्रों की शिकायतें के निवारण को लेकर एनटीए का कहना है कि उनको को हर दिन ईमेल और सोशल मीडिया के माध्यम से बड़ी संख्या में शिकायतें प्राप्त होती हैं.

इनमें से कई शिकायतों में, दुर्भाग्य से, उम्मीदवार की पहचान से जुड़ी आवश्यक जानकारी नहीं होती. ऐसे में लाखों आवेदकों के बीच संबंधित उम्मीदवार की जानकारी तलाशना और समय पर जवाब देना काफी मुश्किल हो जाता है. एनटीए का कहना है कि छात्र अपने रजिस्टर्ड ईमेल आईडी से ही ईमेल भेजें, जिसका इस्तेमाल आवेदन के समय किया गया था. विषय में अपना आवेदन नंबर जरूर लिखें व संबंधित परीक्षा का नाम स्पष्ट रूप से लिखें. छात्रों से कहा गया है कि वे अपनी समस्या को संक्षेप में बताएं और संबंधित स्क्रीनशॉट या दस्तावेज संलग्न करें.

जीसीबी/पीएम