
नई दिल्ली, 20 सितंबर . राजस्थान के स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने शुरुआती बढ़त बना ली है. केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने दिल्ली में बयान देते हुए कहा कि भाजपा ने पहले दिन से ही बढ़त बनाए रखी है और यह प्रदर्शन भजनलाल शर्मा सरकार के विकास कार्यों का नतीजा है.
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा, “राजस्थान नगर निकाय, नगर निगम और नगर परिषद के चुनावों में भाजपा ने पहले दिन से ही बढ़त बनाए रखी. कांग्रेस ने कई तरह की गलतफहमियां, झूठ और गलत जानकारी फैलाई. चुनाव नतीजों के शुरुआती रुझानों से पता चलता है कि 30 स्थानीय निकायों में भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं. कांग्रेस सरकार के समय यह संख्या इसकी एक-तिहाई भी नहीं थी.”
उन्होंने कहा कि पिछले ढाई सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राजस्थान में तेजी से विकास हुआ है. निवेश के मौके बढ़े हैं, राज्यों के बीच पानी से जुड़े लंबे समय से लंबित मुद्दों को तेज गति से सुलझाया गया है, कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है, और युवाओं को रोजगार के अवसर दिए गए हैं.
भूपेंद्र यादव ने कहा, “लंबे समय से रिफाइनरी का जो प्रोजेक्ट बंद था, उसे रिफाइनरी देकर ठीक किया गया. इन सभी विषयों के कारण जनता ने भाजपा को नगर निकाय चुनाव के प्रारंभिक चरण में ही अभूतपूर्व सफलता दिलाई. डीग और भरतपुर में तो 90 प्रतिशत निकाय क्षेत्रों में भाजपा ने निर्विरोध रूप से जीत हासिल की है. अलवर में भी आप देखेंगे तो कई नगरपालिकाओं में निर्विरोध जीत हुई है.”
उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर समेत पूरी टीम की मेहनत की सराहना की. उन्होंने कहा, “निश्चित रूप से मुख्यमंत्री भजनलाल और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर समेत पूरी टीम ने जमीनी स्तर पर बहुत मेहनत की है. यह चुनाव इस बात को बताता है कि राजस्थान में डबल इंजन की सरकार तो चल ही रही है, अब ट्रिपल इंजन लगकर राजस्थान के विकास की गति को और आगे बढ़ाने का काम करेंगे.”
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भूपेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस खेमे में भगदड़ मची हुई है. उन्होंने कहा, “आगे भी जो परिणाम आने वाले हैं, एक चीज साफ दिखाई दे रही है कि कांग्रेस के खेमे में पूरी तरह से भगदड़ है. उनके नेता निराश और परेशान हैं. एक निराश पार्टी स्थानीय निकाय को एक अच्छा नेतृत्व नहीं दे सकती. बाकी के निकाय चुनावों में भी भाजपा को एक बड़ी सफलता मिलने जा रही है.”
–
एससीएच/डीकेपी