
पटना, 30 अगस्त . भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने रविवार को पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का प्रसारण सुना. इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के पास कोई मुद्दा नहीं है और वे जिस मुद्दे को उठाते हैं, उसी पर मात खा जाते हैं.
पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, ”राहुल गांधी के पास मुद्दे नहीं हैं. वे जो भी मुद्दा उठाते हैं, उस पर पिट जाते हैं. उन्होंने वंदे मातरम का मुद्दा उठाया तो उस पर भी पिट गए.”
उन्होंने कहा कि राजेंद्र प्रसाद और सरदार पटेल समेत देश के प्रमुख नेताओं ने ‘वंदे मातरम’ के सम्मान और उसकी पूरी रचना के गायन की बात कही थी. उन्होंने कहा कि संविधान सभा के अध्यक्ष के तौर पर डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने भी ‘वंदे मातरम’ को देश का राष्ट्रगीत और ‘जन गण मन’ को राष्ट्रगान बताया था.
भाजपा नेता ने राहुल गांधी द्वारा मनुस्मृति को लेकर उठाए गए सवालों पर भी निशाना साधा. रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी ‘होमवर्क नहीं करते’ और कोई उन्हें जो चिट पकड़ा देता है, वह वही बोलने लगते हैं. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री भी जवाब दे चुके हैं.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दलित व्यक्तित्व से जुड़े सवाल पर भी रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस को घेरा. उन्होंने कहा, ”यह पार्टी का कोई कार्यक्रम नहीं था. क्या कांग्रेस पार्टी का अब यह हाल हो गया है कि वह अपनी हैसियत के लिए अपने अध्यक्ष के दलित व्यक्तित्व को लेकर लड़ रही है?”
उन्होंने राहुल गांधी को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें यह समझना चाहिए कि जनता न उनकी बात सुनती है और जनता न उनका सम्मान करती है. अपने जन्मदिन को लेकर पूछे गए सवाल पर रविशंकर प्रसाद ने कहा कि वह जन्मदिन मनाते नहीं हैं. उन्होंने बताया कि वह नेपाल में थे और वहीं से लौटकर शनिवार को पटना आए हैं.
रविवार को वह प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनने के लिए भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे थे. उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और विशेष रूप से विनय केसरी द्वारा जन्मदिन पर दी गई शुभकामनाओं के लिए सभी का आभार जताया. उन्होंने कहा कि शुभकामनाओं से भीतर से और मजबूती के साथ काम करने की हिम्मत मिलती है.
–
एमएनपी/एसके