राहुल गांधी हमेशा से झूठा प्रचार कर रहे हैं : कृष्णा हेगड़े

मुंबई, 24 अगस्त . शिवसेना प्रवक्ता कृष्णा हेगड़े ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में विभिन्न मुद्दों पर अपना पक्ष रखा.

उन्होंने नवदीप सूरी का नाम एसआईआर से हटाए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी अतिशीघ्र जांच की मांग की. उन्होंने कहा कि नवदीप सूरी एक नामी डिप्लोमेट्स हैं. अब जानकारी मिली है कि उनका नाम एसआईआर से हट गया है. यह दुर्भाग्यपूर्ण है. इलेक्शन कमीशन के अधिकारियों को इस पर ध्यान देना चाहिए. जिन इलाकों में एसआईआर जारी है, उन इलाकों के वीवीआईपी और वीआईपी की सूची बीएलओ को सौंपी जानी चाहिए.

उन्होंने गणेश जुलूस पर अंडा फेंकने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि हिंदुओं से जुड़े त्याहारों में शरारती तत्व हिंदू विरोधी नारे लगाते हैं, तो कभी औरंगजेब के नारे लगाते हैं, तो कभी पथराव करते हैं. दो धर्मों के बीच में तनाव पैदा करने वाले लोगों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए. पुलिस ने मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए इसमें शामिल लोगों को गिरफ्तार किया है. हम यही प्रार्थना करते हैं कि अंडे फेंकने वालों को भगवान गणेश सदबुद्धि दें.

एनएसए अजीत डोभाल की चीन के विदेश मंत्री से मुलाकात पर भी शिवसेना प्रवक्ता कृष्णा हेगड़े ने प्रतिक्रिया दी. उनके मुताबिक, दोनों देशों के बीच जुड़े सीमा विवाद को लेकर बात होगी. राहुल गांधी हमेशा से झूठा प्रचार कर रहे हैं कि चीन ने अरूणाचल प्रदेश में कब्जा कर लिया है. सेना भी राहुल के बयान को नकार चुकी है. भारत इस मामले को लेकर गंभीर है. अजीत डोभाल की चीन के विदेश मंत्री से कई मुद्दों पर चर्चा होगी.

उन्होंने संजय सिंह की सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि संभवत: आने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी और सपा के बीच गठबंधन हो. दोनों पार्टियों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत हो. आने वाले दिनों में पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी कि वहां पर कैसा समीकरण बनेगा. हमें पूरा विश्वास है कि वहां पर भाजपा की सरकार बनेगी.

एसएचके/एबीएम