
लखनऊ, 17 अगस्त . समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और योगी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने उनके सांसद राजीव राय पर तीखा कटाक्ष किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल हुए पानी की टंकी से जुड़े एक घटनाक्रम को लेकर सांसद पर ‘ड्रामा’ करने का आरोप लगाया. तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि सांसद की यह ‘एक्टिंग’ तो फिल्म शोले के पानी की टंकी वाले चर्चित दृश्य पर भी भारी पड़ गई.
उन्होंने अखिलेश से कहा कि उनकी पार्टी में उनसे बड़े ‘एक्टर’ भी मौजूद हैं. राजभर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा है कि मित्र अखिलेश जी, मुझे कल ये पता चला कि आपकी पार्टी में आपसे बड़े एक्टर भी हैं. जानकर ख़ुशी भी हुई. शोले फ़िल्म का पानी की टंकी वाला सीन फेल है आपके नेता जी की एक्टिंग के आगे महाराज. उन्होंने आगे लिखा कि आप तो ख़ुद सोशल मीडिया में ऐक्टिव रहते हैं. ये पोस्ट तो अपने भी देखा होगा. आपके सांसद राजीव राय जी ने कमाल ही कर दिया.
राजभर ने कहा कि सांसद जी का चेला, सांसद जी के कहने पर पानी की टंकी चढ़ गया. टंकी से ही सोशल मीडिया में सड़क बनवाने की अपनी मांग उठा दी. सांसद जी इंतज़ार में बैठे थे कि कब पोस्ट आए और कब वो कहें कि मैं मांगें मानने को तैयार हूं. उन्होंने कहा कि सांसद जी ने कहा कि मैं बनवाऊँगा. चेला नीचे आ गया. लाइट, कैमरा, एक्शन की जगह सोशल मीडिया पोस्ट-पोस्ट-पोस्ट टाइप मामला हो गया.
ओपी राजभर ने कहा कि सांसद जी ने एक्टिंग में आपको भी पीछे छोड़ दिया मित्र. आप पीडीए के नाम पर एक्टिंग करते हैं लेकिन वो बात नहीं दिखाई देती आपकी एक्टिंग में जो सांसद जी ने करके दिखा दिया. मंत्री ने कहा कि काश सोशल मीडिया में एक्टिंग का भी कोई अवार्ड होता तो आज आपके सांसद जी को हरा पाना किसी के बूते ही बात नहीं होती. उन्होंने आगे कहा कि उम्मीद है विक्रमादित्य मार्ग पर बहुत जल्द ड्रामा स्कूल खुलने वाला है. जय भारत, जय श्रीराम, जय श्री कृष्ण, जय महाराज सुहेलदेव.
–
विकेटी/पीएम