
मुंबई, 8 सितंबर . हिंदी सिनेमा में कुछ कलाकार ऐसे होते हैं, जिनके साथ काम करने की इच्छा कई फिल्ममेकर्स के दिल में रह जाती है. दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के साथ फिल्म बनाने का ऐसा ही एक सपना फिल्ममेकर राजकुमार संतोषी का भी अधूरा रह गया. धर्मेंद्र के साथ उनकी नजदीकी और पहचान होने के बावजूद संतोषी कभी उन्हें अपनी फिल्म में निर्देशित नहीं कर सके. यही बात आज भी उन्हें अंदर से परेशान करती है.
से खास बातचीत में संतोषी ने बताया कि कई बार वह इस बारे में सोचकर भावुक हो जाते हैं और खुद से सवाल करते हैं कि आखिर इतने करीब होने के बावजूद वह धर्मेंद्र के साथ फिल्म क्यों नहीं कर पाए.
से बात करते हुए राजकुमार संतोषी ने धर्मेंद्र को याद करते हुए कहा, ”मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा अफसोस यही है कि मुझे धर्मेंद्र के साथ काम करने का मौका नहीं मिला. वह शानदार अभिनेता के साथ-साथ बहुत अच्छे इंसान भी थे. उनकी असली काबिलियत के बारे में शायद उतनी चर्चा नहीं हुई, जितनी होनी चाहिए थी.”
उन्होंने कहा, ”धर्मेंद्र ने कभी अपने काम का प्रचार खुद करने की कोशिश नहीं की. वह चुपचाप अपना काम करते रहे और हर तरह की फिल्मों में अपनी जगह बनाते गए. मनमोहन देसाई, ऋषिकेश मुखर्जी और विमल रॉय जैसे अलग-अलग निर्देशकों के साथ उन्होंने काम किया है. धर्मेंद्र की सबसे बड़ी खूबी यही थी कि वह किसी एक तरह के किरदार या फिल्मों तक सीमित नहीं रहे. उन्होंने मनोरंजन और एक्शन वाली फिल्मों में दर्शकों का दिल जीता, तो दूसरी तरफ गंभीर और संवेदनशील कहानियों में भी अपने अभिनय की ताकत दिखाई.”
राजकुमार संतोषी ने कहा, ”कई बार मैं इस बात को सोचकर रो पड़ता हूं कि मैंने धर्म जी के साथ काम करने का मौका कैसे खो दिया? इतने करीब होने के बाद भी मैं उनके साथ फिल्म क्यों नहीं कर पाया?”
धर्मेंद्र का 24 नवंबर 2025 को 89 साल की उम्र में निधन हो गया था. उन्होंने मुंबई के जुहू स्थित अपने घर पर आखिरी सांस ली थी.
धर्मेंद्र के साथ फिल्म न बना पाने वाले राजकुमार संतोषी ने हाल ही में उनके बड़े बेटे सनी देओल के साथ काम किया. संतोषी के निर्देशन में बनी ‘ बंटवारा 1947’ में सनी देओल मुख्य भूमिका में नजर आए. फिल्म में प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह समेत कई कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं. 14 अगस्त 2026 को रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली.
–
पीके/वीसी