राम मंदिर चंदा मामले की निष्पक्ष जांच हो, छात्र के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही सरकार: अजय राय

लखनऊ, 21 जुलाई . उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने अयोध्या राम मंदिर चंदा मामले में Supreme Court की टिप्पणी, प्रस्तावित राम मंदिर ट्रस्ट बैठक, दिल्ली में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई और संसद के मानसून सत्र को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चंदा और चढ़ावे से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच से बचना चाहती है और छात्रों के मुद्दों को दबाने का प्रयास कर रही है.

अयोध्या राम मंदिर चंदा मामले में एसआईटी को और मजबूत करने संबंधी Supreme Court के सुझाव पर अजय राय ने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही मौजूदा एसआईटी की निष्पक्षता पर सवाल उठाती रही है. मामले की जांच कर रही एसआईटी सरकार के दबाव में गठित की गई है और इसलिए निष्पक्ष जांच की उम्मीद नहीं की जा सकती. कांग्रेस की मांग थी कि जांच ऐसे ईमानदार अधिकारियों से कराई जाए जो किसी भी प्रकार के राजनीतिक दबाव से मुक्त हों और पूरे मामले की निष्पक्ष पड़ताल करें.

अजय राय ने कहा कि अब सर्वोच्च न्यायालय द्वारा संज्ञान लेने और एसआईटी को मजबूत करने का सुझाव दिए जाने के बाद उम्मीद है कि मामले में ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ होगा. ट्रस्ट से जुड़े सभी प्रमुख पदाधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों की निष्पक्ष जांच की जाए. यदि निष्पक्ष जांच हुई तो पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी.

राम मंदिर ट्रस्ट की प्रस्तावित बैठक पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केवल बैठकें करने से कोई समाधान नहीं निकलेगा. जब तक कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तब तक ऐसी बैठकों का कोई औचित्य नहीं है. जांच पूरी पारदर्शिता के साथ होनी चाहिए और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए.

दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन के बाद दर्ज एफआईआर और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर अजय राय ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्र और नौजवान विरोधी है तथा युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है. प्रदर्शन के दौरान छात्रों के साथ पुलिस ने कठोर व्यवहार किया और सरकार युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है.

मानसून सत्र को लेकर उन्होंने कहा कि संसद लोकतंत्र का सर्वोच्च मंच है और वहां देश से जुड़े सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर खुलकर चर्चा होनी चाहिए. उन्होंने मांग की कि राम मंदिर चंदा और चढ़ावा मामले, पेपर लीक, युवाओं से जुड़े मुद्दों और अन्य जनहित के विषयों पर संसद में व्यापक चर्चा कर सरकार जवाब दे. सरकार इन मुद्दों पर चर्चा से बच रही है क्योंकि सत्ता पक्ष के लोग भी इन मामलों से जुड़े होने के आरोपों के घेरे में हैं.

दिल्ली में संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के बाद कांग्रेस द्वारा केंद्र सरकार की आलोचना किए जाने, लेकिन सीजेपी से दूरी बनाए रखने के सवाल पर अजय राय ने कहा कि कांग्रेस का छात्र हितों को लेकर अपना स्वतंत्र आंदोलन और स्पष्ट रुख है. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी लगातार छात्रों और युवाओं के मुद्दे उठा रहे हैं. उन्होंने ‘छात्रों की गूंज’ जैसे कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि कोटा और देहरादून के बाद अब प्रयागराज, पटना सहित पूरे देश में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

अजय राय ने आगे कहा कि कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस लगातार सड़कों पर छात्रों के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही हैं. पार्टी देशभर में युवाओं को जागरूक कर रही है और सरकार को छात्र हितों के मुद्दे पर जवाबदेह बनाने का काम कर रही है. कांग्रेस छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होने देगी और इस लड़ाई को पूरी मजबूती के साथ जारी रखेगी.

पीएसके