राम मंदिर चढ़ावा विवाद: नृपेंद्र मिश्र के समर्थन में अयोध्या के संत, बोले-सिस्टम में सुधार जरूरी

अयोध्या, 11 जुलाई . अयोध्या के साधु संतों ने राम मंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्र के बयान का समर्थन किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि राम मंदिर में जो घटना हुई, वह हम सभी के लिए बहुत दुख की बात है. हमें न सिर्फ अफसोस है, बल्कि जो हुआ है उससे हमें शर्मिंदगी भी महसूस हो रही है. यह सिस्टम का मामला है. सिस्टम में सुधार किए जाएंगे. मुझे पूरा भरोसा है कि ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होंगी.

साकेत भवन महंत सीताराम दास ने समाचार एजेंसी से बात करते हुए कहा कि हम राम मंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्र के बयान का समर्थन करते हैं. सभी लोग राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर शर्मिंदा हैं. इसके बाद अब कोई इस तरह की घटना न घटे इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है. अभी भी लोगों को आस्था राम मंदिर से जुड़ी हुई है.

उन्होंने कहा कि अभी भी जनता को विश्वास है, इसे हम लोगों को बनाए रखना चाहिए, जिससे लोगों को आना-जाना बना रहे. एसआईटी की तरफ से जो कार्रवाई की जा रही है, वह सही है. जल्द ही इसमें कोई और खुलासे हो सकते हैं. एसआईटी ने क्या काम किया, हम लोगों को पिछले दिनों जानकारी हुई थी. हम लोग एसआईटी के कामों से संतुष्ट हैं. जो भी आरोपी हैं, उन पर कार्रवाई कर दी गई है.

रामादल ट्रस्ट के अध्यक्ष पंडित कल्कि राम ने भी श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा के बयान का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि नृपेंद्र मिश्रा के पास जानकारी रहती है, उनका बयान सही रहता है. साथ ही हम लोगों को उन पर विश्वास भी रहता है, इसीलिए हम लोग उनका समर्थन कर रहे हैं. सारा निर्माण उन्हीं की देखरेख में हो रहा है.

जिन लोगों ने राम मंदिर चढ़ावा मामले जैसे गलत काम किया है. उनके साथ ही उनके परिवार पर भी कलंक लग गया है, इसीलिए अब पूरे जीवनकाल इसको हटाया नहीं जा सकता.

राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर मेयर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा, “यह ट्रस्ट का अंदरूनी मामला है. ट्रस्ट जो भी फैसला लेगा, वह सही होगा. ट्रस्ट से कई सम्मानित और जिम्मेदार लोग जुड़े हुए हैं.

उन्होंने कहा कि शुरू से ही यह साफ है कि जो कुछ भी हुआ, वह दुर्भाग्यपूर्ण था और ऐसा नहीं होना चाहिए था. हालांकि मुख्यमंत्री ने जिस तरह एसआईटी बनाकर तुरंत कार्रवाई की और जिस तरह पुलिस जांच कर रही है, उससे अयोध्या के आम लोगों को पूरी प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है. मुख्यमंत्री ने कहा था कि सच सामने लाया जाएगा और दोषियों को सजा दी जाएगी. अयोध्या के लोगों को इस आश्वासन पर पूरा भरोसा है.

एसएके/वीसी