
मुंबई, 9 नवंबर . कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दिवाली और ईद को लेकर दिए गए बयान पर केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि दिवाली की तुलना ईद से करना बिल्कुल ठीक नहीं है, दोनों त्योहारों का अपना-अपना महत्व है, इसलिए खड़गे को माफी मांगनी चाहिए.
मल्लिकार्जुन खड़गे के दिवाली और ईद वाले बयान पर केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने कहा कि वे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं. दिवाली के अवसर पर लोगों को बधाई देना उनकी जिम्मेदारी थी लेकिन दिवाली की तुलना ईद से करना बिल्कुल ठीक नहीं है. दोनों त्योहारों का अपना-अपना महत्व है. दिवाली अपनी जगह पर होती है और ईद अपनी जगह पर. इसलिए मुझे लगता है कि दिवाली को ईद कहना और ईद को दिवाली कहना बिल्कुल गलत है. इस संबंध में मल्लिकार्जुन खड़गे को माफी मांगनी चाहिए. दिवाली की उपमा इस तरह देना बिल्कुल उचित नहीं है.
सपा सांसद सनातन पांडे के बाबरी मस्जिद वाले बयान पर उन्होंने कहा कि वो समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद हैं, उन्होंने जो बयान दिया है, इस तरह का विवादास्पद बयान देना बिल्कुल ठीक नहीं था. मुलायम सिंह यादव एक अच्छे और अनुभवी नेता थे, इसमें कोई दो राय नहीं है. बाबरी मस्जिद की सुरक्षा की जिम्मेदारी उस समय की मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की थी.
आठवले ने कहा कि उस समय अदालत में यह मामला विचाराधीन था कि वहां बाबरी मस्जिद रहेगी या राम मंदिर बनेगा. पहले यह मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट में था और बाद में Supreme Court में गया. Supreme Court का फैसला आने के बाद यह स्पष्ट हुआ कि वहां पहले राम मंदिर था और उसके अवशेष भी मिले थे. इसलिए मुझे लगता है कि उस समय कारसेवकों पर हुई फायरिंग का समर्थन करना बिल्कुल ठीक नहीं है.
उन्होंने कहा कि अब यह विषय समाप्त हो चुका है. जहां बाबरी मस्जिद थी, वहां मंदिर बन चुका है. मुस्लिम समाज ने भी Supreme Court के फैसले को पूरी तरह स्वीकार किया था. इसलिए मुझे लगता है कि आज समाज में विवाद पैदा करने का काम बिल्कुल ठीक नहीं है. राजनीतिक लाभ के लिए दोनों समाजों को भड़काने का प्रयास करना भी गलत है. हिंदू समाज देश की बहुसंख्यक आबादी है और विभिन्न सरकारों को सत्ता में लाने में उसका बड़ा योगदान रहा है. इसलिए इस तरह के भड़काऊ बयान देकर समाज में तनाव पैदा करना बिल्कुल उचित नहीं है.
पीएम मोदी के नक्सल मुक्त दिवाली को लेकर रामदास आठवले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने लगातार प्रयास किया है कि नक्सलवाद को समाप्त किया जाए. नक्सलवादी न केवल सुरक्षा बलों को बल्कि आम नागरिकों को भी निशाना बनाते रहे हैं. यदि वे वास्तव में लोगों को न्याय दिलाना चाहते थे, तो उन्हें हिंसा का रास्ता छोड़कर लोकतांत्रिक व्यवस्था में आना चाहिए था. जिन मुद्दों को वे उठाते थे, जैसे गरीबों को न्याय मिलना, आदिवासी क्षेत्रों का विकास होना और बुनियादी सुविधाएं पहुंचना, उन मांगों को समझा जा सकता है. हालांकि उन मांगों के लिए हिंसा का रास्ता अपनाना कभी उचित नहीं था.
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है. हजारों नक्सलवादी या तो मुख्यधारा में लौटे हैं या उनका खात्मा हो गया है. जिन आदिवासी समुदायों की बात नक्सलवादी करते थे, उन्हीं समुदायों के लोगों पर हमले किए जाते थे.
रामदास आठवले ने कहा कि इसलिए मेरा मानना है कि नक्सलवाद का दृष्टिकोण सही नहीं था. भारत आज काफी हद तक नक्सलवाद से मुक्त हो सका है. छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुरक्षा बलों और जवानों के साथ दिवाली मनाई. यह एक अच्छा कदम है और इससे सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ा है. नक्सलवाद काफी कमजोर हो चुका है और दिवाली के अवसर पर वहां पहुंचकर जवानों के साथ त्योहार मनाने का प्रधानमंत्री जी का निर्णय सराहनीय रहा है.
–
केके/पीएम