दूसरे बच्चे के स्वागत की तैयारी में रणवीर-दीपिका, बेटी दुआ संग शेयर कीं प्यारी तस्वीरें

मुंबई, 8 सितंबर . बॉलीवुड के चर्चित कपल रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण अपने दूसरे बच्चे के स्वागत का इंतजार कर रहे हैं. इस बीच उन्होंने अपनी बेटी दुआ के साथ कुछ प्यारी पारिवारिक तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं.

मंगलवार को रणवीर और दीपिका ने एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “बेबी दुआ और हमारे दिल और बड़े हो रहे हैं! आपकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद.” साथ ही उन्होंने नजर न लगने और प्रार्थना वाले इमोजी भी लगाए.

मेटरनिटी फोटोशूट की ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरों में दुआ अपने माता-पिता के साथ नजर आ रही हैं. तस्वीरों में दुआ काफी बड़ी लग रही हैं और दीपिका व रणवीर के साथ मुस्कुराती दिखाई दे रही हैं. इन तस्वीरों में दीपिका अपना बेबी बंप भी फ्लॉन्ट करती नजर आईं.

दुआ ने कॉलर वाला टॉप और ट्राउजर पहना हुआ था. उनके बाल दो पोनीटेल में बंधे थे, जिन पर रिबन लगे हुए थे. वहीं दीपिका नेट फ्लावर टॉप में बेहद खूबसूरत दिख रही थीं. रणवीर ने साधारण शर्ट और पैंट पहनकर दोनों का साथ दिया.

रणवीर की फिल्म ‘धुरंधर’ की सह-कलाकार सारा अर्जुन ने पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “सबसे प्यारा परिवार, नजर न लगे.”

वहीं ‘धुरंधर’ टीम के एक अन्य सदस्य ने कमेंट किया, “माशाअल्लाह, बहुत खूबसूरत.” निर्देशक एटली, जो दीपिका के साथ फिल्म ‘राका’ में काम कर रहे हैं, उन्होंने भी कमेंट सेक्शन में कई दिल वाले इमोजी पोस्ट किए.

दीपिका और रणवीर ने इसी साल अप्रैल में अपने दूसरे बच्चे के आने की खुशखबरी साझा की थी.

सोशल मीडिया पर यह घोषणा करते हुए दोनों ने एक तस्वीर पोस्ट की थी, जिसमें दुआ एक पॉजिटिव रिजल्ट दिखाने वाली प्रेग्नेंसी टेस्ट किट पकड़े नजर आ रही थीं.

कई वर्षों तक अपने रिश्ते को लेकर चर्चाओं में रहने के बाद दीपिका और रणवीर ने नवंबर 2018 में इटली के लेक कोमो में एक निजी लेकिन भव्य समारोह में शादी की थी.

दीपिका और रणवीर ने 8 सितंबर 2024 को अपने पहले बच्चे, बेटी दुआ का स्वागत किया था.

एएमटी/डीएससी