गाजियाबाद में 5 साल की मासूम को बहला-फुसलाकर ले जाने के बाद रेप, नाबालिग हिरासत में

नई दिल्ली, 2 जुलाई . गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र में 5 वर्षीय मासूम लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने और फिर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया. पीड़ित परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

बागपत जिले के खेकड़ा निवासी शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी बुधवार शाम करीब 7 बजे अपने मामा के यहां घूमने के लिए गांव बदरपुर गई हुई थी. इसी दौरान गांव बदरपुर निवासी 13 वर्षीय सोनू उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उससे रेप किया.

पीड़िता परिजनों का आरोप है कि आरोपी उनकी बेटी को अपने साथ ले गया, जिसके बाद काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. कुछ समय बाद जब उनकी बेटी खून से लथपथ मिली, तो उसने परिवारवालों को आपबीती बताई. इसके बाद परिजनों ने आरोपी के खिलाफ ट्रॉनिका सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई.

पुलिस ने पीड़िता के परिजनों के तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और बच्ची को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेज दिया है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर बाल संरक्षण केंद्र में भेज दिया है.

मामले को लेकर एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि बुधवार को थाना ट्रॉनिका सिटी को डायल-112 के माध्यम से एक शिकायत प्राप्त हुई, जहां कॉलर ने अपनी भतीजी के साथ गलत होने की सूचना दी. जानकारी मिलते ही थाना ट्रॉनिका सिटी में संबंधित धाराओं के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया और पीड़िता को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा गया.

एसीपी ने बताया कि इस मामले के आरोपी को हिरासत में लेकर संरक्षण केंद्र भेज दिया गया है. इसी के साथ पुलिस की ओर से आगे की जांच और विधिवत कार्रवाई जारी है.

डीके/वीसी