राशिद अल्वी ने पीएम मोदी को दी जन्मदिन की बधाई, प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित भाषा पर जताई आपत्ति

नई दिल्ली, 17 सितंबर . प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने बधाई देते हुए लंबी उम्र और सेहत की दुआ की. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वैचारिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन प्रधानमंत्री सबको साथ लेकर चलें. वहीं, उन्होंने पीएम के खिलाफ अमर्यादित भाषा की भी कड़ी निंदा की.

कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा, “वो देश के प्रधानमंत्री हैं, हमारी उनसे वैचारिक मतभेद है. हम दुआ करेंगे कि उन्हें सेहत और लंबी उम्र मिले. मैं दुआ करूंगा कि वो अपने फैसले अपनी छवि के लिए न करें, देश की जनता के लिए करें. जब तक वो प्रधानमंत्री हैं, सबको साथ लेकर चलें. अगर कोई प्रधानमंत्री को अपशब्द कहता है तो उसकी जितनी भी निंदा की जाए, कम है. हमने कभी भी प्रधानमंत्री, विपक्ष के नेता या किसी और के खिलाफ गलत, गाली-गलौज वाली या बेइज्जती वाली भाषा के इस्तेमाल का समर्थन नहीं किया है. कोई भी ऐसी भाषा के इस्तेमाल को सही नहीं ठहरा सकता या उसका समर्थन नहीं कर सकता.”

पीएम मोदी के जन्मदिन के अवसर पर दीया जलाने की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अपील को लेकर कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि क्या भाजपा के नेताओं को इस बात का एहसास है कि दीपक में जलने वाले तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं. हर चीज की कीमत बढ़ाते जा रहे हैं, देश के लोगों के लिए रोटी खाना मुश्किल हो रहा है, और आप उम्मीद करते हैं कि लोग दीया जलाएं. उसका पैसा कहां से आएगा? गरीब आदमी भूखा रहकर दीया जलाएगा?

कांग्रेस नेता ने कहा कि पीएम मोदी का आज जन्मदिन है, लेकिन मैं इज्जत के साथ कहना चाहता हूं कि दीया जलाकर कमरे में रोशनी कर सकते हैं, लेकिन देश के लोगों के दिलों में जो अंधेरा है, उसे कहां से रोशन करेंगे? आपने लोगों के दिलों को अंधेरे में डुबो दिया है. इन दीए को जलाने से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है.

केके/एबीएम