आंध्र प्रदेश की इस यूनिवर्सिटी में 236 स्टाफ नर्स पदों पर निकली भर्ती, 10 अगस्त तक करें आवेदन

अमरावती, 1 अगस्त . सरकारी संस्थान में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. श्री वेंकटेश्वर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस (एसवीआईएमएस), तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम, तिरुपति ने स्टाफ नर्स के खाली 236 पदों पर नियुक्ति के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी किया है. इनमें 24 बैकलॉग और 212 रेगुलर पद शामिल हैं.

एसवीआईएमएस की ओर से जारी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 15 जुलाई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त तय की गई है. जो पात्र उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एसवीआईएमएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं.

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी या संस्थान से बीएससी नर्सिंग और आंध्र प्रदेश नर्सिंग काउंसिल में रजिस्ट्रेशन या इंटरमीडिएट परीक्षा या उसके बराबर की योग्यता हो और नर्सिंग काउंसिल ऑफ इंडिया से मान्यता प्राप्त संस्थान से तीन वर्ष का जनरल नर्सिंग कोर्स और छह महीने की मिडवाइफरी ट्रेनिंग होनी चाहिए. इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास मेडिकल कॉलेज/टर्शियरी केयर हॉस्पिटल में तीन वर्ष का अनुभव और आंध्र प्रदेश नर्सिंग काउंसिल में रजिस्ट्रेशन होना चाहिए. वहीं, बीएलएस और एसीएलएस ट्रेनिंग सर्टिफिकेशन और कंप्यूटर एप्लीकेशन की जानकारी वाले कैंडिडेट्स को प्राथमिकता मिलेगी.

आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 42 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जुलाई के आधार पर की जाएगी. वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी.

योग्य अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर-आधारित ऑनलाइन टेस्ट (सीबीटी), साक्षात्कार, अनुभव और दस्तावेजों की जांच के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 38,720 से 1,18,390 रुपए के बीच प्रति माह होगी.

फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ईडब्ल्यूएस के लिए 2,360 रुपए और बीसी/एससी/एसटी के लिए 1,770 रुपए तय है. वहीं, पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है.

डीके/एबीएम