
पटना, 3 जुलाई . बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने बांकीपुर उपचुनाव को लेकर प्रतिक्रिया दी है. से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, “चुनाव आयोग की ओर से बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए कल तारीखों की घोषणा की गई. भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व को बांकीपुर की जनता धन्यवाद और आभार प्रकट करने वाली है, क्योंकि बांकीपुर की जनता के विधायक को भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया और राज्यसभा में सांसद बनाया. नितिन नवीन ने बांकीपुर के लिए काफी काम किया है. भाजपा भारी मतों से उपचुनाव को जीतने वाली है.
उन्होंने कहा कि राज्यसभा जाने के बाद भी जब भी उनका (नितिन नवीन) बिहार का दौरा होता है तो बांकीपुर की चिंता करना वो नहीं छोड़ते. भाजपा-एनडीए समर्थित जो भी उम्मीदवार होगा अभूतपूर्व मतों से उसकी जीत होगी.
प्रशांत किशोर को लेकर उन्होंने कहा कि सभी पार्टियों की ओर से चुनावी मैदान में उम्मीदवार उतारे जाते हैं और अपनी-अपनी बातें कहीं जाती हैं. लेकिन बांकीपुर की जनता भाजपा-एनडीए समर्थित प्रत्याशी को जीताने वाली है.
कानून-व्यवस्था को लेकर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की ओर से दिए गए बयान पर संजय सरावगी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को कहीं बाहर जाना था तो तीन दिन पहले ही उन्होंने पार्टी की स्थापना दिवस मना ली. ऐसा पहली बार देखने को मिला है. तेजस्वी यादव कुछ भी कहें, जनता उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेती. बिहार में जंगलराज से सुशासन स्थापित किया गया. लगातार कार्रवाई की जा रही है.
संजय सरावगी ने कहा कि जो अपराधी नहीं मानते या पुलिस पर हमला करते हैं, उनका एनकाउंटर किया जा रहा है और विकास का काम भी लगातार किया जा रहा है. कल ही मुख्यमंत्री की ओर से मेट्रो के दो स्टेशनों का शुभारंभ किया गया. जहां डिग्री कॉलेज नहीं है, वहां डिग्री कॉलेज खुल रहे हैं. इसलिए तेजस्वी यादव की ओर से जो बोला जाता है लोग गंभीरता से नहीं लेते.
उन्होंने कहा कि राजद की सरकार में अपराध और अपराधियों पर सत्ता का संरक्षण प्राप्त था. लालू यादव सजायाफ्ता थे. उन्होंने देश का सबसे बड़ा घोटाला किया. जेल जाते वक्त अपनी निरक्षर पत्नी को मुख्यमंत्री बना दिया. उनका अपना नाम लिखना नहीं आता था. राज्य भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि तेजस्वी यादव को बिहार से बहुत मतलब नहीं है.
भ्रष्टाचार को लेकर सम्राट चौधरी की ओर से दिए गए निर्देश को लेकर संजय सरावगी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से बिल्कुल सही बात कही गई है. जो भी भ्रष्टाचारी होंगे, चाहे वे कोई भी हों, उनको बख्शा नहीं जाएगा. उनकी जगह बेऊर जेल होगी.
–
एसडी/पीएम