‘रजनी की बारात’ की रिलीज डेट घोषित, इस दिन सिनेमाघरों में दस्तक देंगी उल्का गुप्ता

मुंबई, 29 अप्रैल . अभिनेत्री उल्का गुप्ता जल्द ही बड़े पर्दे पर अपना जलवा बिखेरने के लिए तैयार हैं. अभिनेत्री अब आगामी फिल्म ‘रजनी की बारात’ में नजर आएंगी. बुधवार को मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट की जानकारी दी.

उल्का ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर शेयर किया, जो फिलम की कहानी की झलक पेश करता है. इस पोस्टर में उल्का पारंपरिक दुल्हन के लिबास में सजी-धजी नजर आ रही है, लेकिन वे एक स्कूटी में बैठी हुई हैं. उनके साथ पोस्टर में दो अन्य महिलाएं और एक पुलिस इंस्पेक्टर भी दिखाई दे रहे हैं, जो फिल्म में कॉमेडी और ड्रामे के तड़के की ओर इशारा करता है.

अभिनेत्री ने पोस्टर शेयर कर लिखा, “निकलेगी रजनी की बारात 29 मई को. मिथिला की बारात में बनेंगे ना बाराती. फिल्म ‘रजनी की बारात’ 29 मई को रिलीज होगी.”

फिल्म की कहानी मिथिला (बिहार) की संस्कृति और परिवेश के इर्द-गिर्द बुनी गई है. यह फिल्म दर्शकों को एक नए सांस्कृतिक अनुभव से रूबरू कराएगी. यह फिल्म पारंपरिक शादियों की रीतियों को एक नया दृष्टिकोण देती है. इसमें दिखाया गया है कि दुल्हन (रजनी) बारात लेकर दूल्हे के घर जाती है.

आदित्य अमन द्वारा निर्देशित फिल्म में उल्का गुप्ता ने इस फिल्म में ‘रजनी’ का मुख्य किरदार निभाया है. इसके अलावा, फिल्म में कनिष्क दुबे और अश्वत भट्ट भी मुख्य भूमिकाओं में हैं. फिल्म का निर्माण एपिफेनी एंटरटेनमेंट कर रहा है.

बाल कलाकार के रूप में अपने करियर की शुरुआत करने वाली अभिनेत्री उल्का गुप्ता हाल ही में फिल्म ‘द केरला स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ में नजर आएंगी. इस फिल्म में उन्होंने सुरेखा का किरदार निभाया है. दर्शकों ने उल्का के अभिनय को काफी सराहा था. नारायण सिंह द्वारा निर्देशित और विपुल अमृतलाल शाह द्वारा निर्मित फिल्म की कहानी तीन युवतियों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो केरल, मध्य प्रदेश और राजस्थान से हैं. उनकी जिंदगी अलग-अलग होती है, लेकिन भरोसे, धोखे और अपनी आजादी खोने जैसे अनुभव उन्हें एक ही रास्ते पर ले आते हैं.

एनएस/पीएम