दिल्ली-एनसीआर में गर्मी से राहत, पूरे हफ्ता 40 डिग्री से नीचे रहेगा पारा, 26, 27 और 29 जून को बारिश के आसार

नई दिल्ली, 24 जून . राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी और लू से राहत मिली हुई है. पिछले कुछ दिनों से मौसम में आए बदलाव, बादलों की आवाजाही, तेज हवाओं और कहीं-कहीं हल्की बारिश के कारण तापमान नियंत्रित बना हुआ है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, इस पूरे सप्ताह अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना नहीं है. साथ ही बीच-बीच में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं लोगों को गर्मी और उमस से राहत देती रहेंगी.

मौसम विभाग की ओर से जारी 7 दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार, 24 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. इस दिन आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा और गरज-चमक वाले बादलों के विकसित होने की संभावना जताई गई है. 25 जून को अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, इस दिन भी आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा. हालांकि, किसी विशेष मौसम चेतावनी की आवश्यकता नहीं समझी गई है.

इसके बाद 26 जून को मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है. विभाग ने इस दिन गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है. तापमान अधिकतम 40 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 27 जून को भी बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहने की संभावना है. इस दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

वहीं, 28 जून को मौसम अपेक्षाकृत शांत रह सकता है. इस दिन आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और अधिकतम तापमान 40 डिग्री व न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है. मौसम विभाग के अनुसार, 29 जून को एक बार फिर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दिन अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है. इससे साफ है कि फिलहाल एनसीआर में न तो भीषण गर्मी की स्थिति बनने की संभावना है और न ही किसी गंभीर मौसमीय खतरे की आशंका है.

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि लोगों को बदलते मौसम के बीच पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की जरूरत है. पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमीय गतिविधियों के प्रभाव से एनसीआर के लोगों को इस सप्ताह भीषण गर्मी से राहत मिलती रहेगी. बादलों की आवाजाही, तेज हवाएं और बीच-बीच में होने वाली हल्की बारिश मौसम को सुहावना बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी.

पीकेटी/डीसीएच