
चेन्नई, 20 मई . चेन्नई समेत तमिलनाडु के कई जिलों और पुडुचेरी में हुई बारिश ने कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को काफी राहत दी. मौसम में आए इस अचानक बदलाव का लोगों ने स्वागत किया.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले दो दिनों के दौरान पांच जिलों- कोयंबटूर, नीलगिरि, थेनी, इरोड और डिंडीगुल में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है.
दिनभर भीषण गर्मी झेलने के बाद शाम होते-होते चेन्नई के मौसम में अचानक बड़ा बदलाव आया और शहर के कई इलाकों में बारिश हुई. नुंगमबक्कम, कोडंबाक्कम, वडापलानी, कोयंबेडु और सैदापेट जैसे क्षेत्रों में हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया, जिससे लोगों ने राहत महसूस की.
चेन्नई के उपनगरीय इलाकों केलमबक्कम, पडूर और थिरुपोरुर में भी बारिश दर्ज की गई. शाम के व्यस्त समय में यात्रा कर रहे वाहन चालक और यात्री अचानक हुई बारिश में फंस गए.
पड़ोसी तिरुवल्लूर जिला और उसके आसपास के क्षेत्रों, जैसे थिरुपाचुर, पांडुर, कुप्पम्मल चथिरम, सिरुवनूर और पुल्लारंबक्कम में भी बारिश हुई. अचानक हुई बारिश के कारण चेन्नई-तिरुपति राजमार्ग के कुछ हिस्सों में जलभराव की स्थिति देखी गई.
चेंगलपट्टू जिले के कई इलाकों जिनमें सिंगापेरुमल कोइल, मरईमलाई नगर, थिरुपोरुर और थिरुकाझुकुंद्रम शामिल हैं, में व्यापक बारिश दर्ज की गई. इसी तरह कृष्णागिरि जिला में भी मौसम में बदलाव देखा गया, जहां कावेरीपट्टिनम, बरगुर, अल्लापट्टी और कुंदरापल्ली में सुबह की गर्मी के बाद शाम की बारिश से मौसम ठंडा हो गया.
पुडुचेरी में भी लॉस्पेट, मुथियालपेट, उझावरकरई, कोरिमेडु, बहौर, उसुदु, मन्नादीपेट और थिरुकनूर जैसे इलाकों में करीब आधे घंटे तक गरज और बिजली के साथ तेज बारिश हुई.
हालांकि कई क्षेत्रों में बारिश हुई लेकिन कुछ स्थानों पर भीषण गर्मी का असर जारी रहा. तिरुत्तानी में सबसे अधिक करीब 40 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. वहीं चेन्नई मीनाम्बक्कम, नुंगमबक्कम, वेल्लोर, इरोड, मदुरै एयरपोर्ट और तिरुचिरापल्ली में भी तेज गर्मी रही.
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और उससे सटे क्षेत्रों के ऊपर ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जबकि लक्षद्वीप क्षेत्र से दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश तक एक ट्रफ रेखा फैली हुई है.
इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से अगले दो दिनों में पश्चिमी तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, चेन्नई में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है.
–
पीएम