
कीव, 29 सितंबर . यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि हमारे शहरों और इलाकों में रूसी हमले लगातार जारी हैं. यह हमले दिन-रात लोगों की जान ले रहे हैं. हमारे नागरिकों और आम लोगों की जगहों को निशाना बना रहे हैं. सोमवार रात भी कई शहरों में नागरिक ढांचों को निशाना बनाया गया. इनमें डेटा और बिजनेस सेंटर, हॉस्टल, स्कूल और जहाज शामिल हैं.
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ”दरअसल, हमारे शहरों और इलाकों में रूसी हमलों से हुए नुकसान को ठीक करने का काम लगभग बिना रुके जारी है. ये हमले दिन-रात हमारे नागरिकों और नागरिक ठिकानों को निशाना बनाकर किए जा रहे हैं.”
जेलेंस्की ने बताया कि कीव में ‘कीव-पासाजिरस्की’ स्टेशन के डिपो, डेटा और बिजनेस सेंटरों के साथ रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचा है. इसके अलावा ओडेसा क्षेत्र में एक स्कूल, एक हॉस्टल और दो विदेशी जहाजों को नुकसान पहुंचा है.
उन्होंने बताया कि रूसी हमलों की जद में कीव, निप्रो, खार्कीव, सुमी, डोनेट्स्क, जापोरिज्जिया, जाइटॉमिर, वोलिन और रिव्ने इलाके भी आए. बिजली से जुड़ी सुविधाओं, सब-स्टेशन, आम लोगों के काम आने वाले उद्योगों और रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचा है.
राष्ट्रपति ने बताया कि कई हमलों को हवा में ही रोका गया, जिनमें बैलिस्टिक मिसाइलें भी शामिल थीं. हमारी रक्षा में शामिल हर व्यक्ति और हमारे साथ हुए समझौतों का पालन करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद. ‘नासाम्स’ एयर डिफेंस सिस्टम और उसके लिए मिसाइलों का पैकेज देने के लिए अमेरिका और नॉर्वे के साझेदारों का आभार. इन दिनों हमारी एयर डिफेंस के लिए खास तौर पर मिसाइलों के रूप में मदद का पैकेज देने के लिए फ्रांस और जर्मनी का भी धन्यवाद.
जेलेंस्की ने कहा कि रूस की ओर से हर दिन बढ़ते हमलों के बीच यह जरूरी है कि लोगों की जान बचाने के लिए लगातार मदद मिलती रहे और इस तरह के सहायता पैकेज आते रहें. मदद करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद.
यूक्रेनी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूस की तरफ से रोजाना बढ़ते तनाव को देखते हुए, यह जरूरी है कि लोगों की जान बचाने के काम को लगातार समर्थन मिले और ऐसे पैकेज आते रहें.
–
एवाईई/एबीएम