सीएम योगी का अयोध्या के संतों ने जताया आभार, कहा- संभल में तीर्थस्थलों का हो रहा जीर्णोद्धार

अयोध्या, 14 अगस्त . उत्तर प्रदेश के अयोध्या में महंत परमहंस रामचंद्र दास महाराज की पुण्य स्मृति महामहोत्सव में सीएम योगी शामिल हुए. इस दौरान अपने संबोधन में सीएम योगी ने इतिहास, एकता और मौजूदा समय की चुनौतियों समेत संभल, अयोध्या, काशी और मथुरा का भी जिक्र किया. सीएम योगी ने अयोध्या, संभल आदि जगहों पर किए जा रहे मंदिरों के जीर्णोद्धार कार्यों का जिक्र किया. इस पर अयोध्या के तमाम साधु-संतों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.

अयोध्या के महंत गिरीश दास ने से बातचीत के दौरान सीएम योगी के बयान पर कहा कि सीएम योगी सनातन धर्म के अनुयायी हैं. हर व्यक्ति को अपने धर्म में आस्था व्यक्त करने का अधिकार है. सनातन परंपरा से जुड़ी पीठों की जांच में पाया गया कि संभल में भी कई धार्मिक स्थल हैं, जिनके उत्थान के लिए कार्य किए जा रहे हैं. उन्होंने अपने संबोधन में इसी का जिक्र किया था.

जगतगुरु रामदिनेशाचार्य ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो गया है, अब काशी और मथुरा की बारी है. सीएम योगी ने इसकी याद दिलाते हुए इसका उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि आज हम सभी के लिए खुशी का दिन है और अब काशी व मथुरा की ओर ध्यान दिया जाना चाहिए. संभल में कल्कि अवतार के रूप में भगवान के जन्म होने की मान्यता का भी सीएम योगी ने जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जहां पहले लोगों ने कब्जा कर लिया था, आज वहां फिर से तीर्थस्थलों का विकास किया गया है.

जगतगुरु रामकमल दास वेदांती ने से बातचीत के दौरान कहा कि विश्व हिंदू परिषद द्वारा चलाए गए आंदोलन की वजह से राम मंदिर का निर्माण संभव हो पाया. इस आंदोलन में हिंदू समाज एकजुट हुआ और उसके बाद ऐसी सरकारें आईं. उन्होंने कहा कि ये सरकारें इस संकल्प के साथ आई हैं कि अयोध्या में राम मंदिर, मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि और काशी में काशी विश्वनाथ से जुड़े विकास कार्य पूरे हो सकें.

उन्होंने कहा कि संभल में तीर्थस्थल का विकास होना चाहिए, क्योंकि मान्यता के अनुसार भगवान का अगला अवतार वहीं होगा. ऐसे में हमारा कर्तव्य है कि उस स्थान पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न होने दें. सीएम योगी ने संदेश दिया है कि यदि हम संगठित रहेंगे तो देश और भारतीय संस्कृति दोनों सुरक्षित रहेंगे. यदि हिंदू देश में अल्पसंख्यक हो गए तो सनातन धर्म के सामने गंभीर चुनौती खड़ी हो सकती है. उन्होंने कहा कि सीएम योगी द्वारा संभल का उल्लेख किया जाना हम सभी के लिए हर्ष का विषय है.

महंत धर्मदास ने कहा कि संभल में काफी व्यवस्थाएं की जा चुकी हैं. अब मथुरा और काशी में भी कार्य किए जाने की बात कही जा रही है.

संत दिवाकराचार्य ने कहा कि हिंदू तीर्थस्थलों को पुनर्जीवित करने का कार्य इस सरकार ने किया है. संभल को लेकर किसी ने कभी कल्पना नहीं की थी और लोग उसे लगभग भूल चुके थे, लेकिन वहां चल रहे कार्यों को लेकर हम सीएम योगी के प्रति आभार व्यक्त करते हैं. उन्होंने कहा कि संभल में हिंदुओं की संख्या कम हो गई है. वहां हिंदू धार्मिक स्थलों पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायतें लंबे समय से उठती रही हैं. हालांकि, अब सीएम योगी इस दिशा में कार्य कर रहे हैं.

एएमटी/पीएम