सलमान खान ने 42 साल पुराने ‘भाई’ के निधन पर शोक जताया, कहा-तुम्हारे लिए आंसू नहीं, सिर्फ यादें हैं

मुंबई, 4 मई . बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने रविवार रात अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर 42 साल पुराने अपने भाई समान दोस्त सुशील कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया.

सलमान खान ने अपने दोस्त की याद में एक दिल छू लेने वाला नोट लिखा. उन्होंने लिखा, “यह शख्स 42 सालों से मेरा भाई था, सबसे अच्छा, दयालु और मददगार. चाहे खुद कितनी भी मुश्किल में हो, हमेशा मुस्कुराता, नाचता रहता था और सबसे खराब हालात में भी कोई दर्द या तनाव नहीं दिखाता था. चाहे आर्थिक, भावनात्मक या शारीरिक समस्या हो, वह हमेशा कहता था कि ‘फर्क नहीं पड़ता, सब ठीक हो जाएगा.’”

सलमान ने आगे लिखा, “सुशील कुमार उसका नाम है, या यूं कहूं कि 5 मिनट पहले तक उसका नाम था. अलविदा भाई, तुमने एक सच्चे इंसान की तरह जिंदगी जी और मौत का सामना एक हैवीवेट चैंपियन की तरह किया. तुम्हारे लिए कोई आंसू नहीं, सिर्फ यादें और हंसी हैं.”

अभिनेता ने कहा, “मेरा ‘प्रा’ चेहरे पर मुस्कान के साथ गया. यही सही तरीका है जाने का, भाई. कोई पहले, कोई बाद में -सबको जाना है, पता नहीं कब और कैसे, इसलिए कुछ करके जाओ. अब अपनी सिगरेट और व्हिस्की का मजा लो, चीयर्स भाई. लगता है मैं तुम्हें थोड़ा मिस करूंगा.”

सलमान ने सुशील की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं, जिनमें वह उनके और उनके पिता सलीम खान के साथ नजर आ रहे हैं. हालांकि सलमान खान और दिवंगत सुशील कुमार के रिश्ते के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं है, लेकिन सुपरस्टार के कैप्शन से लगता है कि वह खान परिवार के काफी करीब थे.

सलमान खान की बात करें तो अभिनेता इन दिनों अपनी अगली फिल्म “मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस” की रिलीज की तैयारी कर रहे हैं.

यह फिल्म सलमा खान द्वारा उनके बैनर सलमान खान फिल्म्स के तहत बनाई जा रही है और इसका निर्देशन अपूर्व लखिया कर रहे हैं. फिल्म में चित्रांगदा सिंह लीड रोल में नजर आएंगी.

पीएम