
नई दिल्ली, 3 मई . बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को दिल्ली दौरे पर हैं. यहां उनकी भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक है, जिसकी शुरुआत उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर की. इस मुलाकात को उन्होंने शिष्टाचार भेंट बताया. उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान ‘विकसित बिहार’ के विजन पर विस्तार से चर्चा हुई.
सम्राट चौधरी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर रक्षा मंत्री से मुलाकात की तस्वीर पोस्ट करते हुए कहा, “देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से आज नई दिल्ली में शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान उनके समृद्ध अनुभव एवं मार्गदर्शन से ‘विकसित बिहार’ के विजन को लेकर विशेष चर्चा हुई.”
इसके बाद उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी मुलाकात की. इस बैठक में खास तौर पर बिहार में रेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने, कनेक्टिविटी बेहतर बनाने और राज्य के समग्र विकास को गति देने पर बात हुई.
सम्राट चौधरी ने इस मुलाकात की तस्वीर एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया, “नई दिल्ली में देश के रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार मुलाकात हुई. रेल अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण, बेहतर कनेक्टिविटी एवं बिहार के समग्र विकास को गति देने के विषय पर सार्थक चर्चा हुई. उनके मार्गदर्शन से नई संभावनाओं को बल मिलेगा.”
सूत्रों के मुताबिक, यह सिर्फ शुरुआती मुलाकातें थीं. मुख्यमंत्री की आगे और भी बड़ी बैठक होनी हैं. वे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और बिहार भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े से भी मुलाकात करेंगे.
इन बैठकों का सबसे बड़ा फोकस बिहार में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार बताया जा रहा है. चर्चा है कि नए मंत्रियों की सूची पर विचार किया जा सकता है और जल्द ही इसे अंतिम रूप भी दिया जा सकता है. इसके अलावा संगठनात्मक बदलाव और आगामी राजनीतिक रणनीति पर भी मंथन होने की संभावना है.
बताया जा रहा है कि अपनी सभी बैठकों को पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को ही पटना लौट सकते हैं.
–
पीआईएम/एएस