
मुंबई, 31 अक्टूबर . फिल्ममेकर संजय गुप्ता 30 अक्टूबर को इस दुनिया को अलविदा कह गए. वह अक्सर सोशल मीडिया पर फिल्मों से इतर अपनी निजी जिंदगी की झलकियां भी शेयर करते थे. एक फिल्ममेकर होने के साथ-साथ वह अपने एक पिता भी थे. वह अक्सर अपने दोनों बच्चों की मेहनत, हुनर और कामयाबी की तारीफ करते थे. उनके निधन के बाद अब बच्चों के साथ जुड़ी उनकी कुछ पुरानी पोस्ट चर्चा में हैं.
संजय गुप्ता ने एक्स पर अपनी आखिरी पोस्ट 21 अक्टूबर को शेयर की थी. इसमें उन्होंने अपनी डाइनिंग टेबल पर बेटी की ओर से बनाए जा रहे एक बड़े लेगो स्ट्रक्चर की तस्वीर पोस्ट की थी. बेटी की इस क्रिएटिविटी को देखकर वह काफी हैरान और खुश नजर आए थे. उन्होंने तस्वीर के साथ लिखा था, ”मेरी डाइनिंग टेबल पर अब तक का सबसे बड़ा लेगो स्ट्रक्चर बन रहा है. गजब!!!”
संजय गुप्ता ने इससे पहले इंस्टाग्राम पर अपने बेटे शिवांश के लिए भी एक भावुक पोस्ट लिखी थी. इस पोस्ट में उन्होंने बेटे की तारीफ करते हुए बताया था कि किस तरह वह अनुशासन के साथ अपनी जिंदगी जी रहा है और अपनी अलग पहचान बनाने के लिए मेहनत कर रहा है.
बेटे की तस्वीर शेयर करते हुए संजय ने लिखा था, ”मैं अक्सर अपने मुश्किल बचपन की कहानियां सुनाता हूं. हमारे पास कभी बहुत कुछ नहीं था. लेकिन मेरे बेटे शिवांश, तुम्हारे पास सब कुछ है, लगभग सब कुछ. फिर भी तुम मेहनत करना और अपना रास्ता खुद बनाना चुनते हो. हर सुबह, चाहे बारिश हो या धूप, तुम पांच बजे उठते हो और साढ़े पांच बजे रिक्शे से जिम पहुंच जाते हो. छह बजे से पहले वर्कआउट शुरू कर देते हो और फिर साढ़े सात बजे खुद ही स्कूल चले जाते हो. तुम यह सब अपने दम पर करना चुनते हो, जबकि तुम्हारे पास कुक और ड्राइवर से मदद मांगने का विकल्प भी है.”
फिल्ममेकर ने आगे लिखा, ”यही तुम्हारी कहानी को तारीफ के काबिल बनाता है, मेरे बेटे. मुझे गर्व है कि तुम आज जैसे इंसान हो और आगे चलकर जिस इंसान के रूप में खुद को तैयार कर रहे हो. हम तुमसे आज भी प्यार करते हैं और हमेशा करते रहेंगे.”
पोस्ट के आखिर में उन्होंने हैशटैग ‘प्राउड फादर’ भी लिखा था.
बता दें कि संजय गुप्ता ने साल 1994 में फिल्म ‘आतिश: फील द फायर’ से बतौर डायरेक्टर अपना करियर शुरू किया था. इसके बाद उन्होंने एक्शन ड्रामा और क्राइम थ्रिलर फिल्मों के जरिए बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई. उनकी फिल्मों में ‘कांटे’, ‘मुसाफिर’, ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’, ‘शूटआउट एट वडाला’, ‘जज्बा’, ‘काबिल’ और ‘मुंबई सागा’ जैसी फिल्में शामिल हैं. उन्होंने अभिनेता संजय दत्त के साथ भी कई फिल्मों में काम किया, जिनमें ‘कांटे’, ‘मुसाफिर’ और ‘जिंदा’ शामिल हैं. उनकी आखिरी फिल्म ‘द मिरांडा ब्रदर्स’ साल 2025 में रिलीज हुई थी.
बता दें कि संजय गुप्ता का 30 अक्टूबर को निधन हो गया था. बताया गया कि वह रात में बाथरूम में फिसलकर गिर गए थे, जिससे उनके सिर में चोट लगी. फिल्ममेकर अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर उनके निधन की खबर की पुष्टि की थी.
–
पीके