
मुंबई, 29 जून . शिवसेना प्रवक्ता संजय निरुपम ने अयोध्या के राम मंदिर चंदे से जुड़े विवाद पर भाजपा का बचाव किया. उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले के लिए किसी राजनीतिक दल या सरकार को दोषी ठहराना राजनीतिक अपरिपक्वता है. दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन इस मुद्दे पर राजनीति करना और भाजपा पर आरोप लगाना उचित नहीं है. इसके अलावा, उन्होंने दिल्ली में लगे राहुल गांधी के कथित ‘गुमशुदा’ पोस्टरों को लेकर कांग्रेस नेता पर निशाना साधा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सेशेल्स का सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिलने को पूरे देश के लिए गर्व का विषय बताया.
राम मंदिर चंदे से जुड़े विवाद पर संजय निरुपम ने कहा कि अयोध्या में भगवान राम के जन्मस्थान पर भव्य और दिव्य राम मंदिर के निर्माण के लिए वर्षों तक, दशकों तक एक बड़ा आंदोलन चला. दुनिया भर के हिंदुओं की यह आकांक्षा और उत्कट इच्छा थी कि अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बने. अंततः मंदिर का निर्माण हुआ और अब दुनिया भर से हिंदू श्रद्धालु वहां पहुंचकर भगवान राम के प्रति अपनी श्रद्धा और आस्था व्यक्त करते हुए चढ़ावा और दान दे रहे हैं. ऐसे समय में यह जानकारी सामने आना बेहद दुखद है कि मंदिर के भीतर कार्यरत कुछ लोग चढ़ावे और चंदे में चोरी कर रहे हैं. यह खबर मन को कचोटने वाली है. यूपी सरकार ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए एसआईटी का गठन किया है और अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. जिन लोगों के तार इस मामले से जुड़े हैं, उनकी भी गहन जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए.
हालांकि, उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण के लिए किसी राजनीतिक पार्टी, भाजपा या सरकार को दोषी ठहराना राजनीतिक अपरिपक्वता है. उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे ने अपनी चिंता व्यक्त की है और हर हिंदू इस घटना को लेकर चिंतित है. हर हिंदू को यह अधिकार है कि उसके मंदिर में चढ़ाए गए दान और चढ़ावे के साथ कोई खिलवाड़ न हो और उसमें कोई चोरी न करे. लेकिन इस पूरे विषय पर राजनीति करते हुए उद्धव ठाकरे ने जिस प्रकार भाजपाटी पर बेहद निम्न स्तर की टिप्पणी की है, वह निंदनीय और निषेधात्मक है.
दिल्ली में राहुल गांधी के कथित ‘गुमशुदा’ पोस्टरों को लेकर भी संजय निरुपम ने कांग्रेस नेता पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की राजनीति में निरंतरता की कमी दिखाई देती है. राहुल गांधी अचानक राजनीतिक परिदृश्य से गायब हो जाते हैं और फिर अचानक किसी एक मुद्दे पर सक्रिय होकर अपनी प्रतिबद्धता और सक्रियता दिखाने की कोशिश करते हैं.
उन्होंने कहा कि इस तरह राजनीति नहीं की जाती. आज वर्ष 2026 का नया भारत है, नई दुनिया है और नई पीढ़ी है. आज वही नेता टिकेगा जो चौबीसों घंटे जनता के बीच रहकर काम करेगा. यदि कोई नेता अपनी सुविधा के अनुसार ही राजनीतिक गतिविधियों में भाग लेना चाहता है तो जनता उसे स्वीकार नहीं करेगी. राहुल गांधी को यह बात कई बार बताई जा चुकी है, लेकिन आज भी वह लापता हैं और इसी कारण दिल्ली में उनके ‘मिसिंग’ पोस्टर लगाए गए हैं. कांग्रेस पार्टी को राहुल गांधी की इस आदत को सुधारने की दिशा में प्रयास करना चाहिए.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सेशेल्स द्वारा सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिए जाने को संजय निरुपम ने पूरे देश के लिए गर्व का विषय बताया. उन्होंने कहा कि भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सेशेल्स ने अपना सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार प्रदान किया है. अब तक दुनिया के 32 देशों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस प्रकार के सर्वोच्च सम्मान दिए जा चुके हैं. इन देशों में बड़े और छोटे, दोनों प्रकार के राष्ट्र शामिल हैं. यह सम्मान विश्व स्तर पर भारत की बढ़ती ताकत और प्रतिष्ठा को स्थापित करता है.
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस प्रकार दुनिया के विभिन्न देशों के नेताओं के साथ भारत के संबंधों को मजबूत कर रहे हैं. वैश्विक समस्याओं के समाधान में एक संकटमोचक के रूप में उभर रहे हैं, उससे न केवल उनका बल्कि पूरे भारत का सम्मान बढ़ रहा है. उन्होंने सेशेल्स सरकार को भारतीय प्रधानमंत्री को सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित करने के लिए धन्यवाद दिया.
–
पीएसके