
पटना, 5 जून . भारतीय जनता पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पटना में बताया कि मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के मौके पर 5 जून से 21 जून तक पूरे बिहार में एक बड़ा जनसंपर्क और जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा. इस अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और जनकल्याण की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाना है.
संजय सरावगी ने कहा कि यह पूरा कार्यक्रम विश्वास, विकास और जनकल्याण के थीम पर आधारित होगा. भाजपा ने इसे एक पखवाड़े के रूप में मनाने का निर्णय लिया है. इस दौरान राज्य के सभी जिलों और क्षेत्रों में अलग-अलग तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग सरकार की उपलब्धियों से जुड़ सकें और उन्हें समझ सकें.
उन्होंने कहा कि इस अभियान की शुरुआत 5 जून को अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण दिवस से हो गई है. इस दिन से लेकर 20 जून तक हर जिले में प्रदर्शनी लगाई जाएगी. इन प्रदर्शनी में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को दिखाया जाएगा. लोगों को यह बताया जाएगा कि पिछले वर्षों में सरकार ने किन-किन क्षेत्रों में काम किया है.
इसके साथ ही जैविक खेती और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जाएगा. बताया गया कि रासायनिक खाद और कीटनाशकों के अधिक उपयोग से जमीन और स्वास्थ्य दोनों पर असर पड़ रहा है, इसलिए किसानों को जैविक खेती की ओर प्रेरित करने के लिए जिला स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी.
स्वच्छता अभियान को भी इस कार्यक्रम का अहम हिस्सा बनाया गया है. 8 जून से 14 जून के बीच पूरे राज्य में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा. पार्टी के कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में कम से कम दो दिन स्वच्छता अभियान में भाग लेंगे. इसका उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना है कि स्वच्छता सिर्फ सरकार का नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है.
इसी अवधि में ‘प्रगति पथ यात्रा’ भी निकाली जाएगी. इसमें कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि सरकार की योजनाओं का निरीक्षण करेंगे और देखेंगे कि योजनाएं जमीनी स्तर पर कैसे लागू हो रही हैं. जिन स्थानों पर काम चल रहा है, वहां जाकर स्थिति का जायजा लिया जाएगा और लोगों से बातचीत की जाएगी.
इसके अलावा, विशेष जनसंपर्क अभियान भी चलाया जाएगा, जो 8 जून से 14 जून तक होगा. इसमें पार्टी के कार्यकर्ता समाज के प्रतिष्ठित और प्रभावशाली लोगों से संपर्क करेंगे. इनमें पद्म पुरस्कार प्राप्त व्यक्ति, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, किसान, समाजसेवी और अन्य क्षेत्रों में अच्छा काम करने वाले लोग शामिल होंगे. उन्हें मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी और एक पुस्तिका भी दी जाएगी.
इस दौरान विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों से भी कहा गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर लोगों से मिलें और इस अभियान को सफल बनाएं. हर विधानसभा क्षेत्र में ऐसे कार्यक्रम आयोजित होंगे, जहां स्थानीय लोगों को सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों के बारे में बताया जाएगा.
अभियान के दौरान मीडिया संवाद कार्यक्रम भी होंगे. इसमें मंत्री, सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता जिलों में जाकर पत्रकारों से बात करेंगे और सरकार की उपलब्धियों को साझा करेंगे. इससे लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा.
12 जून से 20 जून तक जनकल्याण शिविर भी लगाए जाएंगे. इन शिविरों में सरकार की योजनाओं जैसे आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजना, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम स्वनिधि योजना और अन्य योजनाओं की जानकारी दी जाएगी. लोगों से आवेदन भी लिए जाएंगे और कोशिश होगी कि कई मामलों में उसी समय लाभ भी प्रदान किया जाए.
15 जून से 20 जून के बीच ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ आयोजित किए जाएंगे. इन सम्मेलनों में समाज के विभिन्न वर्गों को आमंत्रित किया जाएगा. इसमें शिक्षक, डॉक्टर, वकील, सेवानिवृत्त अधिकारी, स्वयंसेवी संगठन, व्यवसायी, किसान, छात्र और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे. इसके साथ ही उन लोगों को भी बुलाया जाएगा, जिन्होंने अपने क्षेत्र में अच्छा काम किया है या जिनका समाज में विशेष योगदान है.
–
पीआईएम/डीकेपी