
झांसी, 21 अक्टूबर . 16वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 के ‘डिवीजन ए’ फाइनल में हॉकी हरियाणा ने बुधवार को पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए हॉकी मध्य प्रदेश को 2-1 से हराया और खिताब अपने नाम किया. तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने पंजाब को 3-1 से हराया. फाइनल में हॉकी हरियाणा ने हॉकी मध्य प्रदेश को 2-1 से मात दी.
14वें मिनट में मोहम्मद जैद खान ने फील्ड गोल करके मध्य प्रदेश को बढ़त दिलाई. दूसरे क्वार्टर में 21वें मिनट में नवराज सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल करके हरियाणा के लिए बराबरी कर दी. 50वें मिनट तक मुकाबला बराबरी पर रहा, जिसके बाद जोगिंदर सिंह ने एक और पेनाल्टी कॉर्नर से विजयी गोल किया. हरियाणा सेमीफाइनल में पंजाब के साथ 3-3 से ड्रॉ खेलने के बाद शूटआउट में 4-2 से जीतकर फाइनल में पहुंचा था. वहीं, मध्य प्रदेश ने अपने सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश को 5-3 से हराया था.
तीसरे स्थान के मुकाबले में हॉकी पंजाब को उत्तर प्रदेश हॉकी के हाथों 1-3 से हार का सामना करना पड़ा.
आकाश पाल ने दो फील्ड गोल (15′, 21′) करके हाफ-टाइम तक उत्तर प्रदेश को 2-0 की बढ़त दिला दी. 41वें मिनट में पवनदीप सिंह ने फील्ड गोल करके पंजाब के लिए एक गोल वापस किया. 58वें मिनट में चंदन यादव ने पेनाल्टी कॉर्नर से गोल करके ब्रॉन्ज मेडल पक्का कर दिया. सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश को मध्य प्रदेश से 3-5 से हार मिली थी, जबकि पंजाब को हरियाणा के खिलाफ शूटआउट में हार का सामना करना पड़ा था.
इससे पहले, क्वार्टर फाइनल में हॉकी हरियाणा ने हॉकी चंडीगढ़ को 5-1 से हराया था. हरियाणा ने पांच फील्ड गोल किए. 20वें मिनट में मंजीत ने टीम को बढ़त दिलाई, और हरपाल ने दो गोल (26′, 28′) करके हाफ-टाइम तक स्कोर 3-0 कर दिया. 51वें मिनट में पंकज ने चौथा गोल किया. कैप्टन सिंह ने 59वें मिनट में चंडीगढ़ के लिए एकमात्र गोल किया, और शुभम ने आखिरी मिनट में फील्ड गोल करके चार गोल के अंतर को फिर से कायम कर दिया.
हॉकी पंजाब के लिए मुकाबला थोड़ा मुश्किल रहा. रेगुलेशन समय में मैच 1-1 से बराबर रहने के बाद उन्होंने शूटआउट में हॉकी महाराष्ट्र को 5-4 से हराया.
उज्ज्वल सिंह ने 7वें मिनट में पेनाल्टी स्ट्रोक के जरिए पंजाब को बढ़त दिलाई, और वे 49वें मिनट तक इसे बनाए रखने में कामयाब रहे. इसके बाद रवि परेश भरडिया ने पेनाल्टी कॉर्नर से गोल करके महाराष्ट्र के लिए स्कोर बराबर कर दिया. शूटआउट में पंजाब के लिए गुरजोत सिंह, सिमरनजोत सिंह, लव नूर सिंह, दिलराज सिंह और कप्तान हरजीत सिंह ने गोल किए. महाराष्ट्र की ओर से धैर्यशील जाधव, बाबू वेंकटी मेटकर और प्रज्वल मोहरकर ने गोल किए. पंजाब के गोलकीपर पारस मल्होत्रा ने तीसरे राउंड में अजिंक्य जाधव के प्रयास को विफल कर दिया.
–
आरएसजी/डीकेपी