प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान: सीएम मोहन यादव

भोपाल, 2 सितंबर . प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से मध्य प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत होगी. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि यह अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा.

सीएम मोहन यादव ने सेवा संकल्प अभियान के संबंध में मंत्रालय में हुई बैठक में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष केवल सत्ता के नहीं, बल्कि निरंतर सेवा और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्ष हैं. सात अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई यह संवैधानिक यात्रा आज एक ऐतिहासिक पड़ाव पर पहुंची है. मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक उन्होंने जन सेवा को अपना संकल्प बनाया.

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के विकास और लोकतंत्र को सशक्त करने में अविस्मरणीय योगदान दिया है. इस गौरव पूर्ण यात्रा को जन-जन तक पंहुचाने के लिए उनके जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा. प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी विशेषता सेवा का संस्कार है. यही संस्कार आज ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प है. प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों को हम जनता के बीच ले जाएंगे.

इस अभियान के माध्यम से जनकल्याण के लिए संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी. अभियान को जनसहभागिता के माध्यम से जनसंवाद का माध्यम बनाया जाए. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में जारी जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों को सेवा संकल्प अभियान में सम्मिलित करते हुए कार्यक्रम आयोजित किए जाएं. सेवा संकल्प अभियान की अवधि में आने वाले प्रत्येक शुक्रवार को सभी जिलों में जनकल्याण और जनसंवाद की विशेष गतिविधियां संचालित की जाएं.

अभियान के अंतर्गत प्रदेश के नवाचारों को प्रमुख रूप से प्रदर्शित और प्रोत्साहित किया जाए. अभियान के अंतर्गत प्रदेश के सभी जिलों में विकसित विकास पुस्तिकाएं जन-जन तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए.

उन्होंने कहा कि सभी मंत्री अपने-अपने विभाग और प्रभार के जिलों में इस अभियान की नियमित समीक्षा करें. हर जिले में तिथिवार कार्ययोजना बनाई जाए. जिला स्तर पर विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए. मध्य प्रदेश इस अभियान में ऐसा मॉडल प्रस्तुत करें, जिसे देश में सुशासन, सेवा और जनसहभागिता के उदाहरण के रूप में देखा जाए.

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को उज्जैन स्थित महाकाल महालोक में बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलित करने का कार्यक्रम आयोजित किया जाए. प्रधानमंत्री मोदी ने प्रदेश में जिन महत्वपूर्ण परियोजनाओं और कार्यों का लोकार्पण या भूमिपूजन किया है अथवा अन्य कोई महत्वपूर्ण सौगात दी है, उन सभी स्थानों पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएं.

एसएनपी/डीकेपी