
नई दिल्ली, 21 मई . देशभर में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है, जिससे बचने के लिए सावधान रहने की सलाह दी जा रही है.
आईएमडी वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने उत्तर प्रदेश को लेकर कहा कि पश्चिमी हवाएं चलने से तापमान में वृद्धि देखने को मिल रही है. पिछले चार दिनों से पूरे देश में सबसे ज्यादा तापमान रहा. प्रयागराज मंडल और आगरा मंडल में रेड अलर्ट और लखनऊ में यलो अलर्ट जारी है. आने वाले तीन दिनों तक रेड अलर्ट है. इसके बाद ऑरेंज अलर्ट रहेगा.
मोहम्मद दानिश ने बताया कि उत्तर प्रदेश में अधिकांश जगहों पर 40 से 45 डिग्री तक अधिकतम तापमान है, इस वक्त प्रदेश में प्रचंड गर्मी बनी हुई है. सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक तापमान सबसे ज्यादा रहता है. ऐसे में लोगों से यही अपील है कि कम से कम बाहर निकलें. अगर निकलना बहुत जरूरी है को सिर को ढंक कर और पानी की बोलत साथ लेकर निकलें. समय-समय पर पानी पीते रहें.
आईएमडी मुंबई के निदेशक बिक्रम सिंह ने कहा कि जहां तक महाराष्ट्र की बात है तो लू (हीटवेव) के संबंध में विदर्भ क्षेत्र के लिए दो दिनों, आज और कल के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है.
बिक्रम सिंह ने बताया कि कुछ जिलों के अमरावती या उससे लगे हुए जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. उन्होंने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है.
चंडीगढ़ के आईएमडी निदेशक सुरिंदर पॉल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में मौसम में बदलाव के कारण पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों को अगले दो दिनों में गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है, हालांकि लू की स्थिति बनी रहेगी. गुरदासपुर, अमृतसर जैसे कुछ जिलों में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. लेकिन बाकी पंजाब में लू की स्थिति बनी रहेगी. जिन जिलों में 45 डिग्री सेल्सियस तक तापमान गया है, उसमें कुछ कमी आ सकती है.
–
एसडी/वीसी