शाहरुख खान ने मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस, बोले- भारतीय होने पर गर्व है

मुंबई, 15 अगस्त . बॉलीवुड के मेगास्टार शाहरुख खान ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए भारतीय होने पर गर्व जताया.

अभिनेता ने शनिवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एआई-टैग वाली अपनी एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह सफेद पठानी सूट पहने नजर आ रहे हैं. तस्वीर के साथ उन्होंने एक लंबा संदेश भी लिखा.

शाहरुख खान ने कहा, “सभी को स्वतंत्रता दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं. भारतीय होने में कुछ खास है… रंग, विविधताएं, खूबसूरत अंतर, जज्बा और सबसे बढ़कर किसी ऐसी चीज का हिस्सा होने का एहसास, जो हमसे कहीं बड़ी है… हमारा देश.”

उन्होंने आगे कहा, “हमें हमेशा अपने पास मौजूद चीजों की कद्र करनी चाहिए और अपने स्तर पर ऐसा प्रयास करना चाहिए, जिससे हमारा देश गौरवान्वित हो. भारतीय होने पर गर्व है और मुझे भारतीय होना पसंद है. जय हिंद.”

शाहरुख खान कई मौकों पर बता चुके हैं कि वह भारत के स्वतंत्रता सेनानी रहे मीर ताज मोहम्मद खान के बेटे हैं. मीर ताज मोहम्मद खान का जन्म पेशावर में हुआ था और वह भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय थे. वह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से भी जुड़े रहे थे तथा विभाजन से पहले पेशावर में सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे. विभाजन के बाद उनका परिवार दिल्ली आ गया था.

भारत शनिवार को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है. 1947 में ब्रिटिश शासन से आजादी मिलने के आठ दशक पूरे होने के इस अवसर पर देश स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद कर रहा है और अपनी विकास यात्रा का भी मूल्यांकन कर रहा है.

इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित किया. उनके संबोधन में 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण पर जोर रहा. प्रधानमंत्री ने विकसित भारत 2047, रक्षा, ऊर्जा, मानव पूंजी, युवा, आत्मनिर्भरता, नक्सलवाद, कार्य संस्कृति और राष्ट्रीय एकता सहित देश की विकास यात्रा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बात की.

डीएससी