शाहरुख ने की कप्तान गिल की जमकर तारीफ, बोले- वह खिलाड़ियों को बहुत अच्छे से समझते हैं

नई दिल्ली, 2 सितंबर . गुजरात टाइटंस के बल्लेबाज शाहरुख खान ने एक लीडर के तौर पर शुभमन गिल के विकास की तारीफ की है. उन्होंने भारत की टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान गिल को एक बहुत ही समझदार और रणनीतिक सोच वाला क्रिकेटर बताया, जिनका दिमाग हमेशा खेल के बारे में सोचता रहता है.

शाहरुख, गुजरात टाइटंस के ड्रेसिंग रूम में गिल के साथ रहे हैं और उन्होंने इस युवा बल्लेबाज को आईपीएल में उभरते हुए लीडर से भारत के कप्तान बनने तक का सफर तय करते देखा है. उन्होंने कहा कि गिल की लीडरशिप की खूबियां बाहर से हमेशा साफ नहीं दिखतीं, लेकिन उनके साथ रोज ट्रेनिंग करने वाले टीम के साथियों को ये साफतौर पर समझ आती हैं.

शाहरुख ने ‘ ’ के साथ एक खास बातचीत में कहा, “जाहिर है कि एक कप्तान के तौर पर उन्होंने गुजरात टाइटंस की कप्तानी से लेकर देश की टेस्ट टीम की कप्तानी तक बहुत तरक्की की है. मुझे यह बताने की जरूरत नहीं है कि वह कितने अच्छे कप्तान हैं. हमने इंग्लैंड में सीरीज देखी, जिस तरह से उन्होंने कप्तानी की, और जब भी टीम को जरूरत पड़ी, वह कितने आक्रामक रहे. एक कप्तान के तौर पर उनके सफर को देखते हुए, उनके साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करना बहुत अच्छा रहा है, जहां वह खिलाड़ियों को बहुत अच्छी तरह समझते हैं.”

कम उम्र में मिली जिम्मेदारी को देखते हुए गिल का आगे बढ़ना काफी अहम है. शाहरुख उनकी कप्तानी की सबसे बड़ी खूबियों में से एक उनकी रणनीतिक समझ को मानते हैं. उन्होंने कहा, “वह बहुत रणनीतिक सोच वाले इंसान हैं. बाहर से देखने पर ऐसा नहीं लगता. हालांकि, टीम के साथियों के तौर पर, जब आप उन्हें रोज प्रैक्टिस और मैच में देखते हैं, तो उनका दिमाग हमेशा इस बात पर चलता रहता है कि क्या करना है. उनके दिमाग में बहुत सारे विकल्प होते हैं और ज्यादातर मौकों पर वह सही चीज चुनते हैं. उनकी कप्तानी में खेलना बहुत सुखद अनुभव है.”

शाहरुख की ये बातें उनके लिए आईपीएल 2026 के मुश्किल सीजन के बाद आई हैं. हालांकि, गुजरात टाइटंस ने उन्हें 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया था, लेकिन वह कोई खास असर नहीं डाल पाए और सीजन के बीच में ही उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया.

शाहरुख ने कहा, “आईपीएल दुनिया की सबसे बड़ी और बेहतरीन टी20 लीग है. पिछले 6-7 वर्षों से इसका हिस्सा बनना मेरे लिए गर्व की बात है. यहां खेलने से खिलाड़ियों को काफी कुछ सीखने को मिलता है, क्योंकि दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ी और कोच इसमें शामिल होते हैं. हर युवा खिलाड़ी का सपना होता है कि वह आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन करके देश के लिए खेले. मेरे करियर में भी कुछ सीजन बहुत अच्छे रहे हैं, जबकि कुछ उतने अच्छे नहीं रहे, लेकिन मैंने हर अनुभव से सीखने की कोशिश की है.” उन्होंने यह भी माना कि टी20 क्रिकेट काफी अनिश्चित होता है. यही कारण है कि आईपीएल में चुनौतियों का सामना करने के बावजूद वह तमिलनाडु प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन कर अपनी टीम को जीत दिलाने में सफल रहे.

उन्होंने आगे कहा, “एक खिलाड़ी के तौर पर आप जितना अधिक खेल में शामिल होते हैं और उसे समझते हैं, उतना ही आपको उतार-चढ़ाव का पता चलता है. आप हर समय न तो बहुत उत्साहित रह सकते हैं और न ही हर समय निराश. दोनों के बीच संतुलन होना जरूरी है और मैं खुशकिस्मत हूं कि मैं इसका हिस्सा हूं.” हालांकि, शाहरुख ने मुख्य रूप से घरेलू क्रिकेट पर ध्यान दिया है, लेकिन गिल और गुजरात टाइटन्स के साथ उनका जुड़ाव उनके आईपीएल अनुभव का एक अहम हिस्सा रहा है.

एसएम/डीकेपी