
मुंबई, 1 नवंबर . शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाइना एनसी ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया जाहिर की, जिसमें उन्होंने कहा है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के बिना नरेंद्र मोदी कभी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते थे. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को पता होना चाहिए कि देश की 140 करोड़ जनता ने प्रधानमंत्री मोदी को एक बार नहीं, दो बार नहीं, बल्कि तीन बार चुना है.
शाइना एनसी ने समाचार एजेंसी से बातचीत के दौरान कहा,”2029 में जब राहुल गांधी चौथी बार हारेंगे तो उन्हें शायद किसी बहाने की जरूरत पड़ेगी, इसलिए वे चुनाव आयोग और ज्ञानेश कुमार पर दोष मढ़ रहे हैं. उन्हें अपना खुद का रिकॉर्ड देखना चाहिए, जिससे उन्हें समझ आएगा कि 2014 से अब तक वे 99 चुनाव हार चुके हैं. जल्द ही वे हार का शतक पूरा कर लेंगे, क्योंकि जनता उन्हें कभी स्वीकार नहीं करेगी.”
ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर हमला बोला है. बनर्जी ने कहा है कि अयोध्या के राम मंदिर से चंदा लूटा गया, हम अपनी लड़ाई जारी रखेंगे. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए शाइना एनसी से कहा, ” जो लोग राम मंदिर और आस्था में विश्वास नहीं करते हैं, वो मंदिर को लेकर क्यों बड़े-बड़े बयान दे रहे हैं. ममता बनर्जी शायद आपको अपने ही घर में झांकना चाहिए और सोचना चाहिए कि जब आप मुख्यमंत्री थीं, तब आपने क्या किया था. आपने दो समुदायों को भी फलने-फूलने नहीं दिया और अब आप राम मंदिर की बात कर रही हैं? आप आस्था में विश्वास नहीं रखतीं. आप सिर्फ छद्म-धर्मनिरपेक्ष (स्यूडो-सेक्युलर) राजनीति में यकीन रखती हैं. आपने घुसपैठियों को अपना वोट बैंक बना लिया. अब वो दिन लद गए हैं, इसलिए सच्चाई को स्वीकार करें और उसका सामना करें. आज की राजनीति काम और प्रदर्शन पर आधारित है, न कि जाति, पंथ और धर्म पर.”
राहुल गांधी ने किसानों, युवाओं और मजदूरों को एकजुट होने की अपील की है. उन्होंने कहा है कि हम सब को मिलकर संविधान की रक्षा करनी चाहिए. इस पर शाइना एनसी ने राहुल गांधी पर जमकर हमला किया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पहले तय करें कि संविधान, ईवीएम, प्रधानमंत्री,Supreme Court या ज्ञानेश कुमार आपकी समस्या कौन हैं? हर दिन नया नैरेटिव आप तैयार करते हैं. सच्चाई है कि आप खतरे में हैं, क्योंकि आगामी चुनाव में आपकी हार तय है. उनके पास कोई रूपरेखा नहीं है, कोई विजन प्लान नहीं है. वे सिर्फ बयानबाजी कर रहे हैं.
–
एएसएच/वीसी