
नई दिल्ली, 23 सितंबर . ओमान के पूर्वी तट के पास वाणिज्यिक जहाज एमवी केप डाओ पर हुए हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि 19 अन्य भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया. विदेश मंत्रालय ने बुधवार को हमले की निंदा करते हुए यह जानकारी दी.
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ”हम आज ओमान के पूर्वी तट के पास वाणिज्यिक जहाज एमवी केप डाओ पर हुए हमले की निंदा करते हैं. जहाज पर सवार 20 भारतीय नाविकों में से 19 को बचा लिया गया है, जबकि दुखद रूप से एक भारतीय नागरिक की जान चली गई.” मंत्रालय ने मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की.
विदेश मंत्रालय ने बताया कि ओमान में भारतीय दूतावास स्थिति पर करीब से नजर रख रहा है और भारतीय नाविकों की जल्द स्वदेश वापसी के लिए ओमान के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है. मंत्रालय ने बचाव कार्य में सहयोग के लिए ओमान के अधिकारियों का आभार भी जताया.
विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं. बयान में कहा गया, ”हम तनाव कम करने और क्षेत्र में जल्द शांति बहाल करने के लिए बातचीत और कूटनीति की अपनी अपील दोहराते हैं.”
मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों, नाविकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए. साथ ही अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों से बिना किसी बाधा के आवाजाही और व्यापार को जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए.
मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि एमवी केप डाओ भारत की ओर आ रहा था, तभी उस पर हमला हुआ. दूतावास जहाज के चालक दल की सुरक्षा को लेकर ओमान के अधिकारियों के संपर्क में है.
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि मिशन हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत से बेहद दुखी है और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता है.
दूतावास ने कहा कि वह आरपीएसएल के साथ समन्वय कर रहा है और मृतक नाविक के परिवार के संपर्क में भी है.
इससे पहले 13 सितंबर को भी विदेश मंत्रालय ने ओमान तट के पास वाणिज्यिक जहाज एमटी एल गैया पर हुए हमले की निंदा की थी.
उस जहाज पर 14 भारतीय नागरिक सवार थे. इनमें से 13 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था, जबकि एक भारतीय नाविक लापता हो गया था.
उस समय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया था कि पनामा के झंडे वाले जहाज पर 14 भारतीय नाविक सवार थे. उन्होंने 13 भारतीयों को बचाने के लिए ओमान के अधिकारियों का आभार जताया था.
विदेश मंत्रालय ने बताया था कि लापता भारतीय नाविक की तलाश के लिए ओमान के अधिकारियों की मदद से खोज एवं बचाव अभियान जारी है.
–
एएमटी/डीकेपी