
मुंबई, 1 जुलाई . शिवसेना विधायक मुर्जी पटेल ने दावा किया है कि महाराष्ट्र में ‘टाइगर ऑपरेशन’ की श्रृंखला जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि लोग लोकप्रिय नेता एकनाथ शिंदे को बहुत उम्मीदों से देखते हैं और पूरे राज्य के प्रतिनिधि के रूप में उनके नेतृत्व को स्वीकार करते हैं.
मुंबई में से बात करते हुए मुर्जी पटेल ने कहा कि कल सचिन अहीर के रूप में उद्धव ठाकरे की शिवसेना को बस एक छोटा सा झटका लगा है. अभी और भी बहुत कुछ होना बाकी है, क्योंकि इसमें विधायक और कॉर्पोरेटर शामिल हैं. ‘टाइगर ऑपरेशन-3’ कल शुरू हुआ है और आने वाले दिनों में आप ‘टाइगर ऑपरेशन-4′ भी देखेंगे.
उन्होंने आगे कहा कि हमारे साथ यूबीटी के 13 से 14 विधायक हैं. जिस दिन एकनाथ शिंदे तारीख तय करेंगे, वे हमारे साथ आ जाएंगे.
दूसरी ओर, कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कटौती पर भाजपा विधायक राम कदम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की.
राम कदम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता, दुनिया भर के देशों के साथ भारत के मजबूत संबंध और केंद्र सरकार की नीतियों समेत कई वजहों से आज एलपीजी की कीमतों में कमी आई है. जब एलपीजी के दाम कम होते हैं तो इसका सीधा लाभ आम लोगों तक पहुंचता है. अन्य देशों में लोग ईंधन के दामों में बढ़ोतरी को लेकर जूझ रहे हैं, जबकि पीएम मोदी की दूरदर्शिता के कारण हमें यह लाभ मिला है.
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को अब सड़कों पर खड़े होकर मिठाई बांटनी चाहिए. दाम बढ़ते हैं तो सड़कों पर विरोध करने पहुंच जाते हैं, लेकिन दाम कम होने पर चुप रह जाते हैं.
सचिन अहीर के एकनाथ शिंदे गुट वाली शिवसेना में शामिल होने पर राम कदम ने कहा कि उद्धव ठाकरे के साथ कोई नहीं रहना चाहता; धीरे-धीरे सभी साथ छोड़ रहे हैं. उन्हें तो अब हमें ‘हम दो, हमारे दो’ का बोर्ड लगाना होगा.
भाजपा विधायक ने कहा कि धीरे-धीरे सभी नेता यूबीटी को छोड़ रहे हैं. लेकिन, आत्मचिंतन करने के बजाय बयान देते हैं कि हमें कोई फर्क नहीं पड़ता. यह बयान दिखाता है कि धीरे-धीरे यूबीटी की डूबती नाव से सभी उतर जाएंगे.
–
डीकेएम/डीएससी