
हैदराबाद, 30 जुलाई . डायरेक्टर संपत नंदी की पीरियड एक्शन फिल्म ‘भोगी’ की शूटिंग का सबसे बड़ा हिस्सा अब पूरा हो गया है. इस फिल्म में लीड रोल में अभिनेता शरवानंद नजर आएंगे. फिल्म की टीम से जुड़े लोगों ने बताया है कि फिल्म के क्लाइमेक्स सीन की शूटिंग खत्म हो चुकी है.
टीम के करीबी सूत्रों के मुताबिक, क्लाइमेक्स की शूटिंग लगातार 22 दिनों तक चली, जिसे बड़े सेट पर फिल्माया गया. इस सेट को प्रोडक्शन डिजाइनर किरण कुमार मन्ने ने तैयार किया था. इस सेट को बनाने और पूरी तैयारी करने में टीम को करीब तीन महीने का समय लगा.
इस बड़े एक्शन सीन में 800 से ज्यादा जूनियर कलाकारों ने हिस्सा लिया. सूत्रों का कहना है कि फिल्म के निर्माता केके राधामोहन ने पैसे और मेहनत किसी चीज में कमी नहीं छोड़ी. उन्होंने ये सुनिश्चित किया कि फिल्म के हर विभाग में काम टॉप लेवल का हो. एक्शन, सेट, लाइट, और कैमरा सब कुछ वर्ल्ड क्लास लगे.
सूत्रों ने बताया कि क्लाइमेक्स में कई जबरदस्त एक्शन सीन हैं. इन एक्शन सीन को मशहूर स्टंट मास्टर दिलीप सुब्बारायन ने कोरियोग्राफ किया है. उनके बनाए एक्शन सीन इतने दमदार हैं कि सिनेमाघर में देखने वालों की सांसें थम जाएंगी. दर्शकों को थिएटर में एकदम अलग और रोमांचक अनुभव मिलेगा.
फिल्म में शरवानंद ‘गंगा’ नाम के व्यक्ति का किरदार निभा रहे हैं. सूत्रों का कहना है कि शरवानंद ने इस फिल्म में अपने करियर का सबसे बेहतरीन काम किया है. इस रोल के लिए उन्हें हर दिन काफी मेहनत करनी पड़ी. शूटिंग से पहले उन्हें ढाई घंटे से ज्यादा समय मेकअप करने में लगता था और शूटिंग खत्म होने के बाद मेकअप हटाने में भी लगभग एक घंटा लग जाता था.
क्लाइमेक्स को मशहूर सिनेमैटोग्राफर किशोर कुमार ने शूट किया है. उनकी वजह से ये सीन पर्दे पर और भी खूबसूरत लगेंगे. वहीं फिल्म का बैकग्राउंड म्यूजिक भीम्स सेसिरोलियो ने दिया है. बताया जा रहा है कि उन्होंने क्लाइमेक्स के लिए शानदार म्यूजिक बनाया है. ये म्यूजिक एक्शन और इमोशन दोनों को और ज्यादा ताकत देगा.
‘भोगी’ में शरवानंद के साथ दो हीरोइनें हैं- अनुपमा परमेश्वरन और डिंपल हयाती. मेकर्स पहले ही इन दोनों का फर्स्ट लुक रिलीज कर चुके हैं. अनुपमा इस फिल्म में ‘कंदुला सुलोचना रानी’ का किरदार निभा रही हैं, जो काफी जिंदादिल है और प्रकृति से गहराई से जुड़ी हुई है. वो पत्तों से पत्तल बनाकर अपना गुजारा करती है. वहीं डिंपल ‘मंदारम’ के रोल में दिखेंगी, जो बोल्ड और ताकतवर है. उसे दुनिया की कोई परवाह नहीं है. वो अपनी मर्जी से जीने वाली लड़की है.
कहानी 1960 के दशक की शुरुआत में सेट है. फिल्म तेलंगाना और महाराष्ट्र की सीमा पर बसे एक काल्पनिक गांव की कहानी दिखाएगी. ‘भोगी’ को पूरे देश में रिलीज किया जाएगा. ये फिल्म 28 अगस्त 2026 को तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम और हिंदी भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
–
पीके/एएस